mp news: बैठकों में अनुपस्थित रहना व सीनियरों का फोन न उठना जिला आबकारी अधिकारी को पड़ा भारी।
mp news: मध्यप्रदेश के शाजापुर के जिला अबाकारी अधिकारी विनय रंगशाही को सरकारी बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहना व सीनियरों के फोन नहीं उठाना महंगा पड़ा है। संभागायुक्त आशीष सिंह ने जिला आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही को पदीय कर्तव्यों और शासकीय कार्यों के संपादन में गंभीर लापरवाही बरतने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1)(क) के अंतर्गत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय शाजापुर रहेगा।
जिला आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही बीते लंबे समय से विवादों में रहे हैं। जनवरी के अंतिम हफ्ते में कलेक्टर ऋजु बाफना ने उनके समस्त प्रभार सहायक जिला आबकारी अधिकारी निमिशा परमार को सौंप दिए थे। इसके लिए बकायदा आदेश जारी किया गया था। तब कलेक्टर ऋजु बाफना ने बताया था कि जिला आबकारी अधिकारी लगातार सरकारी बैठकों से अनुपस्थित रहते हैं और सीनियर अधिकारियों का फोन भी रिसीव नहीं कर रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही के इस आचरण के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके चलते आदेश जारी कर सहायक आबकारी अधिकारी को जिला आबकारी अधिकारी के समस्त प्रभार दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रमुख सचिव, वाणिज्य कर विभाग भोपाल तथा आबकारी आयुक्त ग्वालियर को भेजा था।
विनय रंगशाही के लापता रहकर कार्य नहीं करने का मामला पहली बार ही चर्चा में नहीं है। 5 वर्ष पहले भी उनका कार्यकाल चर्चा में आया था। तत्कालीन समय में रंगशाही अलीराजपुर में जिला आबकारी अधिकारी थे। अलीराजपुर में अज्ञात लोगों ने रंगशाही लापता के पोस्टर लगाए थे। पोस्टरों पर लिखा था कि 'जिले में अवैध शराब का परिवहन जोरों पर चल रहा है और जिला आबकारी अधिकारी विनय रंगशाही लापता हैं। रंगशाही के बारे में जानकारी देने वाले या ढूंढ कर लाने वाले व्यक्ति को 2100 रुपए का इनाम दिया जाएगा।