
Shajapur News : घर में धूम-धाम से शादी की तैयारियां चल रही थीं। महज 15 दिन बाद बेटे के सिर पर सेहरा सजाकर पिता घोड़ी पर सवार करके बारात ले जाने वाले थे। परिवार ने नई जिंदगी के सपने संजो रखे थे, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने पलभर में सारी खुशियां छीन लीं। ये झकझोर देने वाला मामला सामने आया है मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर इलाके के अंतर्गत आने वाले अरनिया कला से, जहां बुधवार को काम करने के दौरान ग्लेंडर मशीन का पत्ता टूटकर गले पर लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाला युवक परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया है।
मृतक की पहचान दीपक पिता धरम सिंह जादौन (उर्फ भुरु सिंह), निवासी ग्राम अलीसरिया के रूप में हुई है। दीपक पिछले पांच साल से अरनिया कला में ही टिंकू विश्वकर्मा की स्टील वेल्डिंग की दुकान पर काम करता आ रहा था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वो दुकान पर रोजाना की तरह काम कर रहा था। इसी दौरान ग्लेंडर मशीन का पत्ता अचानक टूट गया। टूटा हुआ पत्ता तेजी से उछलकर दीपक के गले पर जा लगा, जिससे उसे गले पर गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद दुकान पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दीपक को तत्काल शुजालपुर के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दीपक की मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। घर वाले धूमदाम से उसकी शादी की तैयारियां कर रहे थे और महज 15 दिन बाद ही दीपक का विवाह होना था। परिवार को इंतजार था कि, घर का इकलौता बेटा बस कुछ दिनों के भीतर ही दूल्हा बनेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
दीपक की एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। उसकी मां का बचपन में ही निधन हो गया था। ऐसे में पिता के बुढ़ापे का सहारा और परिवार की उम्मीद भी दीपक ही था। बेटे की अचानक मौत से पिता के साथ साथ परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के बाद दीपक का शव परिजन को सौंप दिया गया है। बुधवार को ग्राम अलीसरिया में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया। जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है।