
Shajapur Snake Catcher Dies After Cobra Bite: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में एक स्नेक कैचर को जहरीली नागिन के साथ खेल करना महंगा पड़ गया। स्नेक कैचर नागिन को पकड़ने के बाद उसके साथ करतब कर रहा था, इसी दौरान गुस्सैल नागिन ने स्नेक कैचर के हाथ और पैर में डस लिया। नागिन के डसने से स्नेक कैचर की मौत हो गई। लोगों का कहना है कि स्नेक कैचर सांप पकड़ने में माहिर था लेकिन वो भी जहरीली नागिन के गुस्से से नहीं बच पाया।
शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में एक नागिन को नलखेड़ा रोड निवासी स्नेक कैचर अजगर ने पकड़ा था। नागिन का रेस्क्यू करने के बाद अजगर उसके साथ करतब दिखा रहा था, लेकिन यही करतब उसके लिए मौत बन गया। नागिन से खेलते वक्त स्नेक कैचर अजगर से छोटी सी चूक हो गई और जहरीली नागिन ने उसके हाथ-पैर में डस लिया। नागिन के डसने के बाद स्नेक कैचर अजगर की तबीयत तेजी से बिगड़ी और जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया गया उसकी मौत हो गई।
स्नेक कैचर अजगर की मौत के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मोहन बड़ोदिया के पोस्टमार्टम रूम की अव्यवस्थाएं भी उजागर हुईं। बिजली की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण पोस्टमार्टम रूम में डॉक्टर को टॉर्च की रोशनी में स्नेक कैचर का पोस्टमार्टम करना पड़ा। स्नेक कैचर की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है। स्नेक कैचर अजगर का नागिन के साथ करतब करते आखिरी वीडियो भी सामने आया है जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।