शामली

तमंचे के बल पर महिला सिपाही से लूट करने वाला 50 हजार का इनामी मेहताब मुठभेड़ में ढेर, 12 किलोमीटर तक पीछा करके पुलिस ने गोली मारी

Encounter मेहताब अपने सरगना मुकीम काला की राह पर चल रहा था और अब खाकी को निशाना बनाने लगा था। एक मार्च को इसने तमंचे के बल पर महिला सिपही से कुंडल और सोने की चेन लूट ली थी।
2 min read
Jun 26, 2026
mehtab killed in police Encounter
मेहताब का फाइल फोटो ( स्रोत शामली पुलिस)

Shamli Crime News : कई बार पुलिस को निशाना बनाने वाले कुख्यात बदमाश मुकीम काला गैंग के सक्रिय सदस्य मेहताब उर्फ बैचेन को भी शुक्रवार तड़के शामली पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मेहताब ने तमंचे के बल पर महिला सिपाही से लूट की थी। इस घटना के बाद से पुलिस सरगर्मी से इसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार तड़के इसने खेत को पानी देने जा रहे एक किसान के साथ लूट की घटना को अंजाम दे डाला। इस घटना की सूचना पर पर दौड़ी पुलिस ने घेराबंदी कर ली। मेहताब ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में गोली लगने से मेहताब ढेर हो गया।

पुलिस पर कार्बाइन से किया हमला

थाना आदर्श मंडी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के खेत पर जा रहे किसान नरेंद्र और इनके भाई के साथ हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। लूट करके भाग रहे मेहताब और इसके साथी का पुलिस ने 12 किलोमीटर तक पीछा किया। खुद को घिरता हुआ देख मेहताब ने पुलिस टीम पर कार्बाइन से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इसके बाद पुलिस टीम की ओर से गोली चलाई गई।

पुलिस की गोली लगने से मेहताब गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि इसका साथी भाग निकला। घायल मेहबात को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन दहशत और खून से बह जाने से इसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया। मेहताब की ओर से की गई फायरिंग में एक दरोगा दीपचंद को भी गोली लगी है। दीपचंद का हायर सेंटर पर उपचार चल रहा है। एसपी के अनुसार मेहताब पर करीब 34 मुकदमें चल रहे थे। पुलिस जब इसे घायल हालत में अस्पताल ले जा रही थी तो इसने बताया कि इसका नाम मेहताब उर्फ बैचेन है।

तमंचे के बल पर की थी महिला सिपाही से लूट

एसपी शामली ने बताया कि एक मार्च को मेहताब ने महिला सिपाही ज्योति मलिक से लूट की थी। ज्योति शामली की रहने वाली है और हरियाणा पुलिस में तैनात है। तमंचे के बल पर महिला से सोने के कुंडल और सोने की चेन लूट ली थी। मेहताब को पुलिस का कोई डर नहीं था इसका सहज अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला सिपाही से लूट करने के एक घंटे बाद इसने फिल्मी अंदाज में शुगर मिल के मैनेजर से भी लूट कर ली थी।

एक घंटे के भीतर सरेआम दो वारदातों को अंजाम देकर मेहताब ने पुलिस को खुली चुनौती थी। इन दोनों घटनाओं के बाद से ही पुलिस मेहताब की तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार इसके कब्जे से एक कार्बाइन और मोबाइल फोन मिला है। इसका साथी भागने में कामयाब हो गया। अब पुलिस मेहताब के मोबाइल फोन से अन्य लोगों और इसके गैंग का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

खाकी को निशाना बनाता था मुकीम काला

शामली का कुख्यात बदमाश मुकीम काला अक्सर पुलिस को निशाना बनाता था। सहारनपुर में मुकीम काला ने घाड़ क्षेत्र में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मुठभेड़ में सिपाही राहुल खट्टा को भी मार गिराया था। करीब एक दशक पहले मुकीम काला का इतना खौफ हो गया था कि रात के समय सुदूर इलाकों में स्थित पुलिस चौकियों पर शाम के समय ताला लग जाता था और पुलिसकर्मी वहां नहीं रुकते थे। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में मुकीम काला को ढेर कर दिया था। एसपी शामली के मुताबिक मुकीम काला के एनकाउंटर के बाद मेहताब गैंग का सरगना बन गया था। वह अब गैंग को संचालित कर रहा था और उस पर 34 से अधिक मुकदमें चल रहे थे।

Updated on:
26 Jun 2026 10:47 am
Published on:
26 Jun 2026 09:52 am