
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
शामली. यूपी में एक बार फिर से एनकाउंटर का सिलसिला शुरू हो गया है। हाल ही में आगरा पुलिस ने एनकाउंटर में दो कुख्यात बदमाशों को ढेर किया है, जिसके बाद बदमाश मौत के डर से थानों में सरेंडर करने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में तीन गैंगस्टर ने शामली जिले की कैराना कोतवाली में आत्मसमर्पण किया है। हाथ ऊपर उठाकर कोतवाली पहुंचे बदमाशों ने कहा कि उन्हें गोली ना मारी जाए, अब वह कभी अपराध नहीं करेंगे।
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद से लगातार अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 2017 से अब तक यूपी पुलिस हजारों एनकाउंटर में सैकड़ों बदमाशों को ढेर कर चुकी है। वहीं, शामली जिले की बात करें तो यहां सैकड़ों एनकाउंटर हो चुके हैं। पलायन के लिए बदनाम कैराना में भी एनकाउंटर के चलते हालात सुधरने लगे हैं। आए दिन यहां बदमाश अपराध से तौबा करते हुए कोतवाली में आत्मसमर्पण करने पहुंच रहे हैं। शनिवार को कैराना कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन बदमाश मोमीन, इंतजार और मंगता निवासी गांव रामड़ा ने सरेंडर किया। हाथ ऊपर उठाकर कैराना कोतवाली पहुंचे इन बदमाशों ने कोतवाल के सामने आत्मसमर्पण किया और भविष्य में अपराध नहीं करने का वादा किया।
एसपी ने चलाया अभियान
शामली पुलिस अधीक्षक सुकुर्ति माधव ने 'पत्रिका' संवाददाता से बातचीत में कहा कि जिले मे आपराधिक मामलों में वांछित बदमाशों के खिलाफ गिरफ्तारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में शामिल बदमाशों की धरपकड़ कर रही है।
भविष्य में अपराध नहीं करने की खाई कसम
वहीं, कैराना कोतवाली प्रभारी परमवीर सिंह राणा का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले तीनों बदमाशों के विरुद्ध कैराना कोतवाली में हत्या का प्रयास, बलवा के मुकदमा दर्ज है। तीनों बदमाशों ने कैराना कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर किया और भविष्य में अपराध नहीं करने की कसम खाई है।