MP weather: मौसम विभाग के अनुसार, 27, 28, 29 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
MP weather: मध्यप्रदेश के कई जिलों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तरी हवा के प्रभाव से शहर में शीतलहर का असर तेज हो गया है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य था, लेकिन बीते दो दिन से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते सुबह और रात के समय ज्यादा महसूस हो रही है।
रविवार को दिन में भी ठंडी हवा के चलते सर्दी से राहत नहीं मिल पाई। इससे आमजन की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह सडक़ों पर आवाजाही कम दिखाई दी। खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सर्दी से ज्यादा प्रभावित दिखे।
उत्तरी हवा चलने के कारण दिन और रात के तापमान में लगातार दूसरे दिन भी गिरावट जारी रही। बीते दिन न्यूनतम 7 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि एक दिन पहले न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज हुआ था। इस लिहाज से दिन और रात के तापमान में 1-1 डिग्री की गिरावट आई है। आज दिन में धूप खिली, लेकिन तीव्रता कमजोर रही। मौसम विभाग के अनुसार, आमजन के लिए यह मौसम सतर्क रहने का संकेत है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27, 28, 29 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान-मध्यप्रदेश के कई हिस्सों सहित श्योपुर जिले में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 26 जनवरी को दोपहर बाद बादल छाए रहने और 27 जनवरी को बादल छाने के साथ ही बारिश के भी आसार बताए गए हैं। इससे तापमान में हल्की गिरावट के साथ सर्दी का असर और बढ़ सकता है। 27 जनवरी को इस पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने की संभावना जताई गई है। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण दिन का तापमान नीचे रह सकता है, जिससे ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दतिया-शिवपुरी में 8 डिग्री, पचमढ़ी में 8.2 डिग्री, नौगांव में 8.6 डिग्री, श्योपुर में पारा 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 11.2 डिग्री, इंदौर में 12.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में तापमान 13.6 डिग्री रहा।