श्योपुर

रिपोर्ट दर्ज कराने वाले की पत्नी ही निकली चोर, श्योपुर की घटना

Theft Case Solved: चोरी के मामले में पुलिस ने किया चौंका देने वाला खुलासा, खर्चे के पैसे न होने पर पत्नी ने ही घर की अलमारी में रखे रुपये चुराए थे।
2 min read
SHEOPUR
wife confesses to stealing rs 52000 after husband filed theft complaint, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Sheopur Theft Case: मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में चोरी के एक मामले में पुलिस ने हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। देहात पुलिस के अनुसार चौंडपुर गांव में 14 जुलाई को हुई चोरी को फरियादी की पत्नी ने ही अंजाम दिया था। पुलिस की पूछताछ में फरियादी की पत्नी ने अपना जुर्म कबूल किया है और घर में ही कपड़ों में छिपाकर रखे गए चोरी के 52 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद से ही पुलिस को घर के ही किसी सदस्य पर चोरी का शक था, जो आखिरकार सही निकला।

13-14 जुलाई की रात हुई थी चोरी

चौंडपुर गांव में रहने वाले कमलेश मीणा ने 14 जुलाई को देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13-14 जुलाई की रात उसके घर की अलमारी में रखे 52 हजार रुपए चोरी हो गए हैं। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया और पाया कि, चोरी की वारदात के दौरान जबरन प्रवेश या ताले तोड़े जाने के कोई निशान नहीं थे। इससे पुलिस का शक घर के लोगों पर गया।

पत्नी निकली चोर

पुलिस ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की तो पूछताछ में फरियादी की पत्नी संपत्ति बाई ने सच कबूल लिया। उसने पैसे चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पास खर्चे के पैसे नहीं रहते थे, इसलिए उसने अलमारी से 52 हजार रुपए निकालकर अपने कपड़ों में छिपा लिए थे। बाद में पुलिस ने महिला के कब्जे से पूरी राशि बरामद कर ली और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। देहात थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि फरियादी की पत्नी के पास खर्चे के पैसे नहीं रहते थे, इसलिए उसने ही घर से पैसे निकाल लिए थे। उन्होंने बताया कि, न घर के गेट का ताला टूटा न अलमारी का ताला टूटा, तो शंका हुई कि घटना को घर के सदस्यों द्वारा ही अंजाम दिया गया है। पूछताछ की गई तो महिला ने पैसे निकालने की बात कबूल ली।

पीड़ित के साथ कांग्रेस ने किया था चक्का जाम

बता दें कि चौंडपुर गांव में 13-14 जुलाई की रात हुई चोरी की इस वारदात के अगले दिन युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामभरत मीणा ने फरियादी के साथ शहर के पाली रोड पर देहात थाने के सामने बैठकर चक्का जाम कर मामले के खुलासे की मांग की थी। पाली रोड पर चक्का जाम को लेकर कोतवाली पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित कई लोगों पर मामला दर्ज भी किया था।

Updated on:
24 Jul 2026 10:05 pm
Published on:
24 Jul 2026 10:05 pm