
newlywed rinki rawat death suspicious condition, मृतका रिंकी रावत की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)
Sheopur Newlywed Death: मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में एक नवविवाहिता की शादी के चार महीने बाद संदिग्ध मौत के बाद परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने दामाद पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि नवविवाहिता रात में पति के साथ कमरे में सोने के लिए गई थी और सुबह मृत मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
मोरका गांव की रहने वाली 22 वर्षीय रिंकी रावत की शादी इसी साल 19 अप्रैल को काऊपुरा गांव में रहने वाले जलसिंह के साथ हुई थी। रविवार सुबह रिंकी अपने घर के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत मिली। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। रिंकी की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवारवाले भी अस्पताल पहुंचे, मृतका के पिता ने दामाद जलसिंह पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बताया गया है कि रिंकी बीती रात अपने पति जलसिंह के साथ कमरे में गई थी और फिर रविवार सुबह उसी कमरे में उसका शव संदिग्ध हालत में मिला है। शादी के महज 4 महीने बाद ही नवविवाहिता रिंकी की मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और इसी दौरान मृतका के पिता मोहरसिंह ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि दामाद जलसिंह ने ही रिंकी की हत्या की है। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया है कि खुद जलसिंह ने उन्हें हत्या करने की बात बताई थी। पुलिस का कहना है कि नवविवाहिता की मौत संदिग्ध है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले कुछ भी कहना संभव नहीं है। पति-पत्नी के बीच रात में कमरे में क्या हुआ? नवविवाहिता के साथ मारपीट की गई है या फिर नहीं और किस वजह से उसकी मौत हुई है है, फिलहाल पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है।
Updated on:
16 Aug 2026 07:20 pm
Published on:
16 Aug 2026 07:20 pm
