शिवपुरी

2500 करोड़ के प्लांट की नीव रखकर बोले सीएम मोहन यादव- ‘यहां बनी मिसाइलों से दमकेगा एमपी’

Adani Defence Manufacturing Plant : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा- आज 'महाराज' की आवाज ही अलग लग रही है...। ऐसा लगा मानो रोटी पर ज्यादा मक्खन लगा दिया। सुभाषपुरा बनेगी नई तहसील, कोलारस के खतौरा में सांदीपनि स्कूल, पिछोर में अस्पताल और कॉलेज भी।
2 min read
Adani Defence Manufacturing Plant
Adani Defence Manufacturing Plant (2500 करोड़ के प्लांट की नीव रखी गई Photo Source- CM Mohan Yadav X Handle)

Shivpuri News : मध्य प्रदेश के शिवपुरी में अब राज्य की सबसे बड़ी फैक्ट्री खुलने जा रही है। जिले के कोलारस के अंतर्गत आने वाली पाली के पास अडानी समूह की 2500 करोड़ रुपए की डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तीन साल में तैयार होगी। इससे शिवपुरी न सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा, बल्कि हजारों रोजगार के अवसर भी खुलेंगे। ये बातें सूबे के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने कहीं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव पोलोग्राउंड में डिफेंस फैक्ट्री के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने मंच पर ही चार मांगें रखीं तो सीएम डॉ. यादव ने तत्काल उन्हें मंजूरी देते हुए कहा- 'आज तो महाराज का अंदाज ही अलग है। ऐसा लग रहा है, मानो रोटी पर ज्यादा मक्खन लगा दिया।'

सिंधिया ने रखी चार मांगें, सीएम ने तुरंत मान ली

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहा- भगवान न करे, लेकिन जब भी देश की रक्षा के लिए युद्ध होगा। तब शिवपुरी से हथियार, मिसाइल, गोलाबारूद सीमाओं पर जाएंगे। वे दुश्मन का सीना चीरेंगे। इस दौरान उन्होंने सीएम के सामने चार मांगें रखते हुए कहा, शिवपुरी में 108 फीट की शिव प्रतिमा, 120 करोड़ की सर्कुलर रोड, मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेश्यलिटी और कार्डियोलॉजी विभाग, सीटी स्कैन और खोड़ में स्नातक कॉलेज की व्यवस्था कराएं। इसपर सीएम ने इन मांगों पूरा करने की तुरंत ही घोषणा कर दी। साथ ही, सुभाषपुरा को नई तहसील बनाने, कोलारस के खतौरा में सांदीपनि स्कूल और पिछोर में अस्पताल बनाने की भी घोषणा कर दी।

अदाणी गु्रप के डायरेक्टर बोले- 2023 तक एमपी में 1.20 लाख युवाओं को देंगे रोजगार

अदाणी गु्रप के डायरेक्टर जीत अदाणी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि, समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एमपी में 1.10 लाख करोड़ के निवेश की घोषणा कुछ साल पहले की थी। ये निवेश पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स, थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में होगा। हमारे ग्रुप का लक्ष्य है कि, 2023 तक एमपी में 1.20 लाख युवाओं को रोजगार देना है।

मौसम बिगड़ा: सीएम-सिंधिया और अदाणी बंधु कार से निकले ग्वालियर

सीएम और मंत्री सिंधिया एक हेलिकॉप्टर तो अदाणी ग्रुप के डायरेक्टर जीत और करण अदाणी दूसरे हेलिकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर आए थे। लेकिन कार्यक्रम खत्म होने तक ग्वालियर का मौसम अचानक बिगड़ गया। ऐसे में सीएम और सिंधिया के साथ दोनों अदाणी बंधुओं को कार से ही ग्वालियर रवाना होना पड़ा।

Updated on:
06 Jul 2026 09:29 am
Published on:
06 Jul 2026 09:29 am