
Shivpuri 8-Year-Old Child Snake Bite: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां सांप के काटने से एक 8 साल के बच्चे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्चे को रात में सोते वक्त बिस्तर में छिपे सांप ने दो बार डसा था। जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर बच्चे को बचा नहीं पाए। बच्चे के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिवपुरी जिले के धपोरा गांव के रहने वाले अशोक आदिवासी बीते करीब तीन साल से बिजरौनी गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12 बजे अशोक का 8 वर्षीय बच्चा पुरुषोत्तम तखत पर सोते वक्त अचानक दर्द से कराह उठा। बच्चे की आवाज सुनकर अशोक व परिजन उसके पास पहुंचे और बिस्तर का कंबल हटाकर देखा तो बिस्तर पर सांप नजर आया। सांप कंबल के नीचे दुबका हुआ था।
परिजनों के मुताबिक बिस्तर में घुसे सांप ने बच्चे को दो बार डसा था। बिस्तर में सांप को देखने के बाद परिजन तुरंत बच्चे पुरुषोत्तम को बदरवास अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन हालत गंभीर होने पर गुना अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन बच्चे को रात में ही गुना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज भी शुरू किया लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। रात करीब दो बजे उपचार के दौरान बच्चे पुरुषोत्तम की सांसें थम गईं। बच्चे की मौत से परिजन का रो-रोककर बुरा हाल है। गुरूवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।