शिवपुरी

CCTV में कैद किडनैपिंग, शिवपुरी में घर से युवती-बच्ची उठा ले गए हथियारबंद बदमाश

MP News: शिवपुरी में घर में घुसकर युवती और 3 माह की बच्ची का कथित अपहरण सीसीटीवी में कैद। लिव-इन पार्टनर समेत 10 लोगों पर केस।
2 min read
May 09, 2026
Armed criminals abduct young woman and child shivpuri kidnapping cctv video viral MP News
shivpuri kidnapping cctv video viral (Patrika.com)

shivpuri kidnapping cctv video: मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर से एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ हथियारबंद लोग एक घर में घुसकर युवती और एक 3 महीने की बच्ची का अपहरण करते नजर आ रहे है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिससे क्षेत्र में हड़कंप मचा गया और लोगों में डर का माहौल है।

मामला शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां एक युवती और उसकी तीन माह की बच्ची को घर में घुसकर जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने युवती के लिव-इन पार्टनर पुष्पेन्द्र चौहान सहित 8 से 10 लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी, अपहरण और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। (MP News)

बच्ची को लेकर घर वापस आई बेटी

शिवपुरी पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली नीलम गुहारिया ने पुलिस को बताया कि उनकी 22 साल की बेटी महक गुहारिया पिछले तीन साल से करैरा निवासी पुष्पेन्द्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की तीन माह की एक बच्ची आरोही भी है। महिला के अनुसार कुछ समय से पुष्पेन्द्र महक को परेशान करने लगा था, जिसके बाद अक्टूबर 2025 में महक अपनी बच्ची के साथ शिवपुरी लौट आई थी और परिवार के साथ रह रही थी। आरोप लगाया कि पुष्पेन्द्र लगातार परिवार को धमकी दे रहा था। पांच दिन पहले भी वह घर पहुंचा था और महक को अपने साथ ले जाने का दबाव बनाया था। मना करने पर उसने जबरन उठाकर ले जाने की धमकी दी थी।

लिव-इन पार्टनर पर अपहरण का आरोप

बताया गया है कि 8 मई की रात करीब 8:35 बजे पुष्पेन्द्र अपने 8 से 10 साथियों के साथ घर में घुस आया। आरोप है कि उसके हाथ में हथियार था जबकि अन्य लोग हॉकी और डंडे लिए हुए थे। सभी ने परिवार के साथ गाली-गलौज और जातिसूचक अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना में नीलम गुहारिया और उनके पति तृप्तेश गुहारिया घायल हो गए। आरोपियों ने घर में मौजूद बच्ची को भी धक्का दिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद आरोपी महक गुहारिया और तीन माह की बच्ची आरोही को जबरन सफेद रंग की वैगनार कार में बैठाकर ले गए और पीछा करने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र रावत और उसके 10 सहयोगियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (MP News)

Published on:
09 May 2026 03:13 pm