BJP MLA Pritam Lodhi : भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का आज एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक्सीडेंट मामले में बेटे के खिलाफ एक्शन लेने वाले SDOP के साथ साथ वो शिवपुरी एसपी को धमकी देते नजर आ रहे हैं।
BJP MLA Pritam Lodhi : अपने बयानों को लेकर अकसर चर्चा में बने रहने वाले मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी इन दिनों पुत्र मोह के चलते लगातार विवादित बयान दे रहे हैं। प्रीतम लोधी उनके बेटे के खिलाफ एक्सीडेंट मामले पर कार्रवाई करने वाले करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को खरी - खोटी सुना सुनाकर चर्चा में बने हुए हैं। एक दिन पहले ही प्रीतम लोधी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो SDOP से कहते नजर आ रहे थे कि, 'क्या करैरा तुम्हारे डैडी की है'? और अब SDOP को धमकी देते हुए उनका एक नया वीडियो सामने आया है।
सामने आए नए वीडियो में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी कहते नजर आ रहे हैं कि, 'मेरा हाथ पहले ढाई किलो का था, लेकिन अब ढाई सौ किलो का हो गया है, इसकी (एसपी, एसडीओपी) बेचैनी दूर कर दूंगा।'
विधायक प्रीतम लोधी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे ये भी कहा कि, '10 हजार लोगों को ले जाकर एसडीओपी के बंगले को गोबर से भर दूंगा।' साथ ही, उन्होंने शिवपुरी एसपी से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि, बताए दिल्ली से इनको कौन चला रहा है? कौन फरमान दे रहा है? मोदी, अमितशाह या सिंधिया? इतना ही नहीं, उन्होंने नए वीडियो में शिवपुरी पुलिस को भी 15 दिन की खुली चुनौती दे दी है।'
विधायक लोधी के पुत्र द्वारा तेज रफ्तार थार गाड़ी से राहगीरों को रौंदने के मामले में करैरा पुलिस एसडीओपी आयुष जाखड़ द्वारा उन्हें थाने में तलब करने से तिलमिलाए बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के एक नहीं बल्कि दो तीन वीडियो पुलिस को धमकाने के वायरल हो रहे है। इस बार के वीडियो में वो शिवपुरी एसपी और करैरा एसडीओपी को खुलेआम धमकाते नजर आ रहे हैं।
हाल ही में शिवपुरी जिले के करैरा में एक बिना नंबर वाली महिंद्रा थार, जिस पर 'भाजपा विधायक' और प्रीतम लोधी का नाम लिखा था। 3 बाइक सवारों के साथ साथ 2 युवतियों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। आरोप है कि, वाहन विधायक का बेटा दिनेश लोधी चला रहा था। इस मामले में मौके पर दिनेश द्वारा धमकाने के वीडियो भी सामने आया था। विधायक लोधी का तर्क है कि, ये एक 'दुर्घटना' थी, जिसे विपक्ष और कुछ पुलिस अधिकारी राजनीतिक साजिश का रूप दे रहे हैं।