
Shivpuri Stolen Bullet Bike: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से चोरी हुई एक बुलेट को पुलिस से पहले बुलेट मालिक ने ही ढूंढ़ निकाला और वापस भी ले आया। शिवपुरी से करीब 80 किमी दूर गुना जिले से बुलेट मालिक अपनी चोरी हुई बुलेट वापस लेकर आया है। बुलेट मालिक का आरोप है कि शिकायत करने और चोर की जानकारी देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इस कारण वो खुद साथियों के साथ बुलेट को खोजने निकले और बुलेट को वापस ले आए।
शिवपुरी देहात थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी में रहने वाले रंजीत सिंह भुल्लर की बुलेट 2 नवंबर को घर के बाहर से चोरी हो गई थी। बुलेट चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी, पीड़ित रंजीत सिंह ने बुलेट चोरी की FIR पुलिस थाने में दर्ज कराई और सीसीटीवी फुटेज भी दिए, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 4 नवंबर को रंजीत सिंह ने सिख समाज के लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की और इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने से खुद ही बुलेट को खोजने निकल पड़े।
गुरुवार को रंजीत सिंह गुना पहुंचे और वहां से अपनी चोरी हुई बुलेट को खोजकर वापस अपने साथ शिवपुरी ले आए। रंजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत करते वक्त गुना जिले के पादी समुदाय पर बुलेट चोरी करने का शक जाहिर किया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी चोरी हुई बुलेट गुना जिले में है। गुरुवार को वह गुरुप्रीत भुल्लर, भगवान सिंह भुल्लर, महावीर भुल्लर और गुरुविल भुल्लर के साथ गुना पहुंचे। वहां तलाश करने पर उन्हें अपनी चोरी हुई बुलेट बाइक मिल गई। जिसे वह अपने साथ शिवपुरी ले आए। बुलेट मालिक के द्वारा खुद ही अपनी चोरी हुई बुलेट को पुलिस से पहले खोज निकालने का ये मामला अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।