शिवपुरी

शिवपुरी में स्मैक के साथ सरकारी कर्मचारी पकड़ा, कृषि विभाग के प्राचार्य पर केस

Smack Case: कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य को स्मैक की 14 पुड़िया (टिकट) के साथ पकड़ा गया, एसडीएम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई।
2 min read
shivpuri smack
government employee caught with smack 14 packets, आरोपी प्राचार्य लक्ष्मीनारायण चौरसिया (Source-Patrika)

Shivpuri Smack Case: मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर की कोतवाली पुलिस ने एक सरकारी कर्मचारी को स्मैक के साथ पकड़ा है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने शहर के फतेहपुर क्षेत्र स्थित कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य को स्मैक की 14 पुड़िया (टिकट( के साथ पकड़ा है। मामला शासकीय कर्मचारी से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी जिस पर से कार्यालय में एसडीएम खुद मौके पर पहुंचे और उनकी देखरेख में पूरी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया है।

स्मैक के साथ पकड़ाया सरकारी कर्मचारी

टीआई कोतवाली रोहित दुबे ने बताया कि उनको सूचना मिली थी कि फतेहपुर क्षेत्र मौजूद कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य लक्ष्मीनारायण चौरसिया स्मैक बेचता है। इसी आधार पर जब पुलिस टीम ने बुधवार को दोपहर में लक्ष्मीनारायण चौरसिया (59) को पकड़ा और तलाशी ली तो उसके पास स्मैक की 14 पुड़िया (टिकट) बरामद हुईं। पुलिस के साथ शिवपुरी एसडीएम आनंद सिंह राजावत भी कार्यालय पहुंचे और पूरी कार्रवाई उनके समक्ष ही की गई। आरोपी प्राचार्य पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। चूंकि मामला जमानती था, इसलिए प्राचार्य को पुलिस थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया।

सटीक सूचना पर कार्रवाई

विभाग के कुछ कर्मचारियों का दावा है कि प्राचार्य स्मैक का सेवन भी करता है और कथित तौर पर इसकी बिक्री में भी शामिल था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई और जांच का आधार पुलिस को मिली सूचना और बरामदगी है। रोहित दुबे, टीआई कोतवाली ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में पुख्ता सूचना मिली थी कि प्राचार्य स्मैक बेचने का काम करता है। उसी पर से वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। टीआई ने बताया कि आगे भी शहर में नशे का कारोबार करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
09 Sept 2026 08:44 pm
Published on:
09 Sept 2026 08:44 pm