शिवपुरी

Shivpuri News: चोरों से ‘चतुर’ निकली भैंस… ससुराल से चुराई तो मायके में पहुंच गई

Interesting Buffalo News: कई किमी. चोरों के साथ चलने के बाद मालिक का गांव आते ही चोरों को भैंस ने दिया जोर का झटका, एक चोर पकड़ाया, दूसरा फरार।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 6:41 PM IST
Shivpuri Interesting Buffalo News
interesting news buffalo theft owner village thief arrested, फाइल फोटो (Source-Patrika File)

Shivpuri Interesting Buffalo News: काला अक्षर भैंस बराबर, भैंस के आगे बीन बजाना ये कहावत आपने सुनी होंगी लेकिन मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें एक भैंस ने इस कहावत को झुठला दिया है। ये दिलचस्प मामला शिवपुरी जिले के रन्नौद क्षेत्र का है यहां एक भैंस चोरों से चतुर निकली और चोरों को उस वक्त जोर का झटका दिया जब वो अपने असली मालिक के घर पहुंच गई। चोर को अंदेशा ही नहीं हुआ कि वो जिस व्यक्ति के सामने भैंस का मालिक होने की बात कह रहा है दरअसल में वही व्यक्ति भैंस का असली मालिक है।

ससुराल से चुराई भैंस

पूरा मामला कुछ इस तरह है कि झड़ी गांव में रहने वाले अरविंद लोधी ने अपनी एक भैंस को करीब तीन महीने पहले अपनी ससुराल माढ़ा भेजा था। माढ़ा गांव में भैंस अपनी पड़िया के साथ गांव के पास बंधी हुई थी और तभी दो चोरों ने भैंस और उसकी पड़िया को चोरी कर लिया। एक चोर बाइक लेकर और दूसरा भैंस और पड़िया को अपने साथ पैदल लेकर माढ़ा गांव से चुपचाप निकले में सफल हो गए। करीब 18 किमी दूर तक भैंस चोरों के साथ चुपचाप चलती रही।

मायका आते ही भैंस ने चोरों को दिया झटका

चोर इस बात से अंजान थे कि जिस भैंस को वो माढ़ा गांव से चुराकर लाए हैं वो दरअसल माढ़ा नहीं बल्कि झड़ी गांव की ही है। गांव की सीमा में आते ही भैंस गांव को पहचान गई और चोरों से झटककर भागकर अपने मालिक अरविंद के घर जा पहुंची। भैंस के पीछे-पीछे चोर भी अरविंद के घर पहुंच गए। चोरों ने अरविंद से कहा कि भैंस उनकी है और भागकर घर में आ गई है, लेकिन अरविंद को उन पर शक हो चुका था। अरविंद ने तुरंत ससुराल में फोन किया तो पता चला कि भैंस और उसकी पड़िया गायब है। इसके बाद अरविंद ने जब अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर चोरों से पूछताछ शुरू की तो घिरता देख एक चोर भाग निकला जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

Updated on:
7 Nov 2026, 6:41 PM IST
Published on: