शिवपुरी

Shivpuri Liquor Shop Protest: शराब दुकान बंद कराने निकले ग्रामीणों को पुलिस ने रोका, नाराज लोगों ने लगाया चक्काजाम

Liquor Shop Protest: नाराज ग्रामीणों ने खोड़-सिरसौद रोड पर लगाया जाम, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ग्रामीणों को शांत कर जाम खुलवा पाई।
less than 1 minute read
shivpuri road jaam
liquor shop protest villagers road jam, रोड जाम करते ग्रामीण (Source-Patrika)

Shivpuri Liquor Shop Protest: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग स्थित खोड चौकी क्षेत्र के नावली गांव में शासकीय शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने निकले ग्रामीणों को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। पुलिस के रोकने से नाराज ग्रामीणों ने खोड़-सिरसौद मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण करीब दो घंटे तक रोड जाम कर बैठे रहे, पुलिस लगातार लोगों को समझाने की कोशिश करती रही और करीब दो घंटे बाद समझाइश देकर जाम को खुलवा पाई।

शराब दुकान बंद कराने जा रहे थे ग्रामीण

शिवपुरी जिले में पिछले 6 दिनों में अलग-अलग स्थानों पर शराब बिक्री को लेकर विरोध की घटनाएं हो चुकी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नावली गांव के कुछ पुरुष व महिलाएं गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर सिरसौद थाना क्षेत्र में संचालित शासकीय शराब दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर दुकान पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। इसकी सूचना खोड़ चौकी प्रभारी संजय लोधी को मिल गई। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नावली मोड़ के पास मंदिर के सामने ही रोक लिया।

ग्रामीणों ने किया रोड जाम

पुलिस के द्वारा रोके जाने से नाराज ग्रामीणों को ने सड़क पर बैठकर रोड जाम कर दी। इससे खोड़-सिरसौद मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शराब दुकान को लेकर अपनी नाराजगी और उसे बंद कराने की मांग पर अड़े रहे। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि संबंधित शराब दुकान शासकीय है और नियमानुसार उसका स्थान बदला जा सकता है। चौकी प्रभारी संजय लोधी ने बताया कि ग्रामीण शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे थे। उन्हें नियमों की जानकारी देकर समझाइश दी गई, जिसके बाद ग्रामीण सहमत हो गए और सड़क से हटकर अपने गांव लौट गए।

Updated on:
14 Sept 2026 10:06 pm
Published on:
14 Sept 2026 10:06 pm