mp news: सुबह 11 बजे फॉर्म भरने का कहकर घर से निकली थी छात्रा, दोस्त के साथ होटल पहुंची और वहीं पर मौत।
mp news: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में फिजिकल थाना क्षेत्र के खिन्नी नाके के पास स्थित युवराज होटल में सोमवार दोपहर एक कॉलेज छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। छात्रा अपने एक दोस्त के साथ होटल में पहुंची थी और वहीं पर कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। चर्चा है कि छात्रा व उसके दोस्त के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने छात्रा के साथ होटल पहुंचे युवक को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक कोलारस के सेसई निवासी नैनसी राठौर (20 वर्ष) शिवपुरी के शासकीय कॉलेज की छात्रा थी। वो सोमवार को अपने ही गांव के अंकुश रावत के साथ शहर के युवराज होटल आई थी। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नैनसी ने फांसी लगा ली। आनन-फानन में अंकुश रावत उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने छात्रा को जिला अस्पताल ले जाने को बोला और जब युवती को जिला अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई ।
पुलिस ने छात्रा नैनसी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर युवक अंकुश को थाने में बैठाया। पुलिस ने नैनसी के परिजन को घटना की सूचना दी जिसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। नैनसी के पिता ने बताया कि नैनसी सुबह कॉलेज में फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली। बेटी ने आत्महत्या क्यों की, इसका पता नहीं चल पाया है। मामले में थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया का कहना है कि युवती के साथ जो युवक मिला है, अगर परिजन उसके खिलाफ बयान देते हैं तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। अभी मामले में मर्ग कायम कर लिया है।