4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नगर पालिका अध्यक्ष की अफसर को धमकी, ‘मुझसे पूछे बिना नहीं होगा 1 रुपए का भुगतान, सीएमओ चोर है’

MP News : नगर पालिका अध्यक्ष अपने पति के साथ पहुंचीं लेखा शाखा। लेखाधिकारी से बोलीं- मुझसे बिना पूछे नहीं होगा एक रुपए का भुगतान, सीएमओ चोर है, जिस दिन चाहूंगी हटवा दूंगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल।

3 min read
Google source verification
MP News

नगर पालिका अध्यक्ष की अफसर को धमकी (Photo Source- Nagar Palika CCTV)

MP News : सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश की शिवपुरी नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा और उनके पति संजय शर्मा के दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। सामने आए वीडियो में अध्यक्ष लेखाधिकारी को धमकाती नजर आ रही हैं कि, 'मुझसे बिना पूछे नगर पालिका में किसी का भी एक रुपए का भुगतान नहीं होगा। सीएमओ के आदेश की भी अवहेलना कर देना। सीएमओ चोर है, वह आज है कल नहीं। मैं अभी यही हूं। सभी को नौकरी करना भुला दूंगी।' इसके बाद अध्यक्ष लेखा शाखा से ठेकेदारों के भुगतान संबंधी फाइलें और कैशबुक लेकर वहां से चली गईं। अब इस मामले में लेखाधिकारी ने नगर पालिका सीएमओ को शिकायत कर खुद की सुरक्षा की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा अपने पति संजय शर्मा और स्टॉफ के साथ नगर पालिका की लेखा शाखा पहुंची थीं। इसके बाद अध्यक्ष ने धमकाने के अंदाज में वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछा कि, लेखा शाखा में वो किस अधिकार से बैठे हैं। इसके बाद कुछ कर्मचारी वहां से चले गए और फिर अध्यक्ष और उनके पति कुर्सियों पर बैठ गए और कैशबुक मंगवाई। अध्यक्ष ने स्पष्ट तौर पर कहा कि, अब उनकी जानकारी के बिना एक रुपए का भुगतान भी नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने नगर पालिका के सभी बैंक खातों की जानकारी मांगी और उन्हें बंद कराने तक की बात कही हैं।

वायरल हुए वीडियो

इस घटनाक्रम के जो वीडियो वायरल हुए हैं, उनमें अध्यक्ष शर्मा ये बोलती नजर आ रही हैं कि, भुगतान से जुड़ा कोई भी आदेश सीएमओ इंशाक धाकड़ का हो तो पहले उनको जानकारी दी जाए। मेरी बिना अनुमति यहां कोई भी काम नहीं होगा। साथ ही, कर्मचारियों से ये भी कहा गया है कि, अगर सीएमओ कोई आदेश दें तो उसको नहीं मानना। इधर, लेखा अधिकारी रविकांत झा ने गुरुवार को हुए घटनाक्रम के बाद मामले की शिकायत सीएमओ इंशाक धाकड़ से की है। शिकायत में लेखाधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष ने उनसे दुव्यहार किया और शाखा से ठेकेदारों के भुगतान संबंधी फाइलें व कैशबुक ले गई हैं। इसे लेकर कोई पावती भी नहीं दी गई है।

4 दिन में मुंह काला कर दूंगी सीएमओ का

नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा एक सीसीटीवी कैमरे के वीडियो में यह भी बोलती नजर आ रही है कि सीएमओ अभी तक यहां पर हंै तो मेरी वजह से हैं। अब मैं चार दिन में उसका मुंह काला करके शिवपुरी से रवाना कर दूंगी। उन्होंने लेखा अधिकारी रविकांत झा से स्पष्ट शब्दों में कहा कि काम करना है तो मेरे हिसाब से करो, नहीं तो लिखकर दे दो काम नहीं कर सकता। किसी दूसरे को लेखा शाखा का काम सौंप देंगे। इसके अलावा अध्यक्ष ने कहा कि मंैने अभी तक कोई पैसा नहीं कमाया, पूरा भ्रष्टाचार सीएमओ ने किया है।

नपाध्यक्ष ने कही ये बात

शिवपुरी नगर पालिका की अध्यक्ष गायत्री शर्मा का कहना है कि, सीएमओ और लेखाधिकारी अपने हिसाब से काम कर रहे हैं। जिनका भुगतान जरूरी है, उनका नहीं कर रहे और अपने मन से ही काम करते हैं। मुझे लगातार अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। मैं जब लेखा शाखा पहुंची तो वहां पर कैशबुक में काफी घालमेल मिला। मैंने मामले की शिकायत कलेक्टर साहब को कर दी है। शहर विकास को लेकर नगर पालिका में ये अधिकारी कोई काम नहीं कर रहे।

नपा सीएमओ ने कही ये बात

नगर पालिका के सीएमओ इशांक धाकड़ का कहना है कि, मुझे लेखाधिकारी ने शिकायत कर बताया कि, किस तरह से अध्यक्ष महोदय ने उसके साथ अभद्रता की है और शाखा से फाइलें व कैशबुक बिना पावती के ले गई हैं। मैंने पूरे मामले में कलेक्टर साहब और अपने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी जानकारी दे दी।