mp news: तेरहवीं से वापस लौट रहे थे पिता-पुत्र, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी बाइक को टक्कर।
mp news: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना अंतर्गत ग्राम डेहरवारा के पास झांसी-कोटा हाइवे पर हुए दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना शनिवार रात 8 बजे की है जब बाइक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। पिता-पुत्र एक तेरहवीं के कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे तभी ये हादसा हो गया। घटना के बाद से परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसर गया।
ग्राम अटारा निवासी राजकुमार धाकड़ (40 वर्ष) अपने बेटे अखिलेश धाकड़ (12 वर्ष) के साथ शनिवार दोपहर एक रिश्तेदार की तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से दोनों पिता-पुत्र रात करीब 8 बजे बाइक पर सवार होकर वापस घर आ रहे थे। जैसे ही दोनों ग्राम डेहरवारा के पास पहुंचे तभी गलत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। घटना में दोनो गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से कोलारस अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही पिता-पुत्र की मौत हो गई।
रविवार को पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए। बताया जा रहा है कि अखिलेश दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। दुखद पहलू ये भी है कि दो साल पहले राजकुमार धाकड़ के पिता की मौत भी सड़क हादसे में हुई थी और अब पिता-पुत्र की मौत भी सड़क हादसे में होने से पूरा परिवार बिखर गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।