MP News: शारदा सॉल्वेंट फैक्ट्री के पास हुआ था हादसा, ट्रक के क्लीनर से मारपीट कर रही थी भीड़, टीआई से अभद्रता करने वाले क्लीनर पर मामला दर्ज।
MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर के देहात थाना अंतर्गत शारदा सॉल्वेंट फैक्ट्री के पास गुरूवार दोपहर एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी थी। घटना में ऑटो सवार 5 लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने टक्कर मारने वाले ट्रक के क्लीनर को पकड़ लिया, जबकि वाहन चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। लोग जिस वक्त क्लीनर से मारपीट कर रहे थे तभी पुलिस लाइन में पदस्थ टीआई रविशंकर कौशल वहां से अपनी कार से गुजर रहे थे। उन्होंने रुककर क्लीनर को भीड़ से बचाने की कोशिश की लेकिन क्लीनर ने टीआई से ही अभद्रता कर डाली।
जानकारी के मुताबिक गुरूवार दोपहर करीब 2.30 बजे एक ऑटो में सवार लोग शिवपुरी से कोलारस जा रहे थे। जैसे ही ऑटो शारदा सॉल्वेंट फैक्ट्री के पास पहुंचा तो वहां पर एक ट्रक ने पीछे से ऑटो में टक्कर मार दी। घटना में ऑटो में सवार मुकेश नामदेव निवासी कोलारस सहित 5 लोग घायल हो गए। साथ ही ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक को पकड़ना चाहा, लेकिन वो ट्रक लेकर भाग गया। इसी बीच लोगों ने शराब के नशे में धुत ट्रक के क्लीनर विकास धाकड़ निवासी बैराड़ को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने लगे।
जिस वक्त भीड़ क्लीनर को पीट रही थी तभी टीआई रविशंकर कौशल अपनी कार से वहां से निकल रहे थे। उन्होंने कार रोककर क्लीनर को भीड़ से बचाया। लेकिन क्लीनर ने टीआई से ही अभद्रता करने शुरु कर दी। नशे में धुत क्लीनर ने इस दौरान टीआई की कॉलर तक पकड़ ली। टीआई रविशंकर ने खुद को छुड़ाया और फिर घायलों को दूसरे वाहन से अस्पताल पहुंचाया। इधर मामले की सूचना पर से मौके पर देहात थाना पुलिस पहुंची और क्लीनर को अपने साथ थाने ले आई। यहां पर पुलिस ने आरोपी क्लीनर पर टीआई से अभद्रता करने पर शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं ट्रक चालक पर एक्सीडेंट का मामला दर्ज किया।