
Shivpuri Firing on Satendra Sahu: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना अंतर्गत बस स्टैंड पर बुधवार सुबह कुछ बदमाशों ने नगर परिषद अध्यक्ष पति पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले अध्यक्ष पति की मारपीट की और इसी दौरान एक आरोपी ने कट्टे से फायर किया, लेकिन अध्यक्ष पति बाल-बाल बच गए। अचानक हुई घटना से पूरे बाजार में सनसनी फैल गई और भीड़ ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि चार अन्य फरार हो गए। बदमाश एक कार में सवार होकर आए थे। मामले की सूचना पर से मौके पर पहुंची पुलि पुलिस पकड़े गए बदमाश को अपने साथ ले गई और सभी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। घटना के पीछे दोनों पक्षों के बीच पुरानी कोई रंजिश बताई गई है।
नगर परिषद अध्यक्ष छाया साहू के पति सतेंद्र साहू बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से दुकान की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बस स्टैंड के पास पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद 5 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए कट्टे से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के व्यापारी और राहगीर दहशत में आ गए। दुकानों के शटर गिरने लगे और बाजार में अफरा तफरी फैल गई। हालांकि इस घटना में स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय दिया। फायरिंग के बाद भाग रहे बदमाशों का पीछा कर भीड़ ने एक बदमाश अनिल यादव निवासी मुहांसा को पकड़ लिया, जबकि चार अज्ञात बदमाश कार में सवार होकर भाग गए।
बता दें कि घटना के दौरान जब भीड़ ने एक आरोपी अनिल यादव को पकड़ा तो उसके पास मौजूद कट्टा भी सड़क पर गिर गया। इस पूरी वारदात के लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। बड़ी बात यह है कि पीड़ित ने जो एफआईआर दर्ज कराई है, उसमें अभी तक घटना का स्पष्ट कारण नहीं बताया है। अभी केवल यही पता चला कि किसी पुरानी रंजिश के फेर में यह घटना हुई है। इधर पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर एक नाम दर्ज सहित 5 लोगों पर केस दर्ज कर एक आरोपी को पकड़ लिया है। मामले में विवेचना की जा रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश का होना बताया गया है।