
Shivpuri Narwar Fort Cannon Theft: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर किले से चोरी हुई सिंधिया रियासत की 400 साल पुरानी तोप के मामले में पुलिस ने राजस्थान के करौंली जिले के गांवडा मीणा गांव से दो चोरों को पकड़ने की कार्रवाई की है। इनके पास से पुलिस ने वह लोडिंग वाहन भी जब्त किया है, जिसमें यह चोर तोप को चोरी करके ले गए थे। करीब 20 लोगों ने तोप चोरी की वारदात को अंजाम दिया था जिनमें से दो पुलिस की गिरफ्त में आए हैं और बाकी फरार हैं। वहीं चोरी हुई तोप अभी तक बरामद नहीं हो पाई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि गांवडा मीणा गांव के लोगों का गुर्जर समाज के लोगों से कई साल पुराना विवाद चल रहा है और वहीं पर पांचना बांध से भी पानी लेने को लेकर कई दिनों से संघर्ष की स्थिति थी। गुर्जर समाज पर दबदबा बनाने व जरूरत पड़े तो बांध को फोड़ने के लिए सोची समझी साजिश के तहत यह तोप चोरी की गई है। पूरे घटनाक्रम में पुलिस अभी तोप को बरामद नहीं कर पाई है और इसके लिए पुलिस के लगातार प्रयास जारी है।
पुलिस की मानें तो पुरातत्व विभाग के चौकीदार रमेश कोली ने 16 जुलाई को नरवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई को नरवर किले के कचहरी महल में रखी 14 ऐतिहासिक तोपों में से एक तोप गायब है। पुलिस ने अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर आईजी ने इस मामले में आरोपियों का सुराग देने वाले को 30 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी और टोल कैमरों की मदद से आरोपियों का सुराग मिलाया तो इसका कनेक्शन राजस्थान के करौली जिले में गांवडा गांव में मीणा समाज के कुछ लोगों पर मिला। पुलिस ने इस मामले में करौली जिले के पालनपुर निवासी अमन कुमार पुत्र मोहनलाल मीणा व टिम्मूराम पुत्र भूराराम मीणा निवासी गांवडा मीणा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा तो पूछताछ में पता चला कि करौली क्षेत्र में लंबे समय से पांचना बांध को लेकर मीणा समाज के लोगों का गुर्जर समाज से विवाद चल रहा है। आरोपी अमन कुमार ने बताया कि विरोधी पक्ष में भय और दबदबा बनाने के उद्देश्य से नरवर किले से तोप चोरी करने की योजना बनाई गई थी। आरोपी पहले 3 जुलाई को करीब 25 लोगों के साथ नरवर किले पर आए थे, लेकिन तोप में वजन अधिक होने से उस दिन उसे साथ नहीं ले जा पाए। बाद में 15 जुलाई को वह इस तोप को चोरी करके ले गए। आरोपी ने बताया कि अगर बांध से पानी नहीं मिलता तो वह उस बांध को तोप से उड़ाने की योजना बनाकर बैठे थे। नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि दो लोगों को पकड़ लिया है। अभी और आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। हमारा पूरा प्रयास है कि चोरी गई तोप भी जल्द बरामद हो। गुर्जर समाज से विवाद के फेर में यह पूरा घटनाक्रम हुआ है।