श्रावस्ती में दर्दनाक सड़क हादसे में टैंकर चालक अर्जेंट कुमार सिंह की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से केबिन में फंस गए। चालक को जेसीबी से केबिन काटकर निकाला गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इकौना क्षेत्र के बौद्ध परिपथ पर तेज रफ्तार ट्रक और डीजल टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बौद्ध परिपथ पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने डीजल टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। और केबिन में आग भी लग गई। जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले के ऊचौलिया थाना क्षेत्र के सोनऊआ गांव के रहने वाले 45 वर्षीय अर्जेंट कुमार सिंह टैंकर चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह वह टैंकर लेकर बलरामपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर बनकट के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक मुरादाबाद से परचून का सामान लेकर मानकपुर की ओर जा रहा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर चालक अर्जेंट कुमार सिंह केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। और जेसीबी मशीन की मदद से टैंकर का केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में अर्जेंट कुमार सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय टैंकर और ट्रक के केबिन में आग भी लग गई थी। जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद बुझाया।
ग्रामीणों का कहना है कि टैंकर में उस समय डीजल नहीं था। अगर टैंकर भरा होता तो आग लगने से बड़ा धमाका भी हो सकता था और आसपास के लोगों को भी खतरा हो सकता था। इकौना पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।