श्रावस्ती

Shravasti Encounter: चोरी की बड़ी साजिश से पहले पुलिस ने घेरा, बदमाशों ने चलाई गोली; एक के पैर में लगी गोली

Shravasti Encounter: श्रावस्ती में चोरी की बड़ी वारदात से पहले भिनगा पुलिस और एसओजी की टीम ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि दो फरार हो गए। मौके से तमंचा, कारतूस, चाकू, जेवर और नकदी बरामद हुई।
2 min read
gonda
अस्पताल में भर्ती घायल बदमाश फोटो सोर्स पुलिस X अकाउंट

Shravasti Encounter: श्रावस्ती में चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने बदमाशों की योजना पर पानी फेर दिया। भिनगा पुलिस और एसओजी की टीम ने सोमवार रात अण्टा तिराहे के पास घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश और उसके साथी को पकड़ लिया। जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

श्रावस्ती के भिनगा इलाके में सोमवार आधी रात बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अण्टा तिराहे से जानकी नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग चोरी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही भिनगा कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध लोगों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी प्रवीण पांडेय बदमाशों की गोली से बचने की कोशिश में गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई की। इसमें गोबार गांव के रहने वाले मंगरे प्रसाद के पैर में गोली लग गई।

गोली लगने के बाद मंगरे को किया गया गिरफ्तार

गोली लगने के बाद पुलिस टीम ने मंगरे प्रसाद को पकड़ लिया। उसके साथ भिनगा के हनुमानगढ़ी के रहने वाले लूची को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी भिनगा ले जाया गया। पुलिसकर्मी प्रवीण पांडेय का भी उपचार कराया गया।

मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी फरार

मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की पहचान गिरीश बहेलिया और शिवकुमार जायसवाल उर्फ दुबे के रूप में हुई है। दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

तमंचा कारतूस जेवर नगदी बरामद

पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे मिले। इसके अलावा एक चाकू और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि मौके से मिले सामान में भिनगा, सिरसिया और सोनवा थाना क्षेत्रों में हुई चोरी से जुड़ी चीजें भी शामिल हैं। इनमें जेवर, नकदी, कपड़े, दस्तावेज और अन्य सामान शामिल हैं।

अब पुलिस पूरे गैंग की कर रही तलाश

घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। इसमें कितने लोग शामिल हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Updated on:
17 Aug 2026 11:02 am
Published on:
17 Aug 2026 11:02 am