
Sidhi Girl Death Case: 'उस रात बेटी रोते हुए मेरे पास आई थी, उसके कपड़े फटे हुए थे और उसने बताया कि सानू जायसवाल ने उसके साथ गलत हरकत की है। हम बेटी को लेकर पुलिस थाने गए लेकिन पुलिस ने हमारी शिकायत तक दर्ज नहीं की, जिसके कारण बेटी अंदर ही अंदर टूट गई थी। आरोपी लगातार प्रताड़ित कर रहा था और धमकी दे रहा था जिससे बेटी की जीने की इच्छा ही खत्म हो गई।' ये दर्द उस मां का है जिसकी 19 साल की बेटी अब इस दुनिया में नहीं है। मामला मध्यप्रदेश के सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र का है।
मड़वास थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने रविवार सुबह अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बेटी की मौत के बाद उसकी मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि बेटी ने आरोपी की प्रताड़ना और पुलिस के द्वारा कार्रवाई न किए जाने से दुखी होकर अपनी जान दी है। मृतका की मां ने बताया कि 7 दिन पहले 22 नवंबर की रात सानू जायसवाल (22) ने घर में घुसकर बेटी के साथ जान से मारने की धमकी देकर जबरदस्ती की थी और लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
मृतका की मां का आरोप है कि बेटी के साथ हुई ज्यादती की शिकायत दर्ज कराने के लिए वो पुलिस थाने भी गए थे लेकिन पुलिस ने उनकी एफआईआर नहीं लिखी। बाद में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर आरोपी लगातार बेटी को प्रताड़ित कर रहा था जिसके कारण बेटी की जीने की इच्छा खत्म हो गई और उसने अपनी जान दे दी। युवती की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं मृतका की मां के आरोपों पर मड़वास पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी, 23 नवंबर को आरोपी के घर पर दबिश देकर उसकी बाइक भी जब्त की थी लेकिन आरोपी फरार था।