
Sidhi Snake Bite: मध्यप्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्ची को सोते वक्त पैर में सांप ने डस लिया। परिजन बच्ची को तुरंत सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने इलाज भी शुरू कर दिया लेकिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका। बताया गया है कि बच्ची को पैर पर सांप ने डसा था और परिजनों ने उसी स्थान पर चीरा लगा दिया था जिसके कारण डॉक्टरों को स्थिति समझने में मुश्किल हुई।
सेमरिया थाना क्षेत्र के करौंदिया गांव में रहने वाले जयप्रकाश गुप्ता की 5 वर्षीय बेटी दीपांजलि गुप्ता बुधवार रात कमरे में सो रही थी। रात करीब 9 बजे बच्ची दीपांजलि की तेज आवाज सुनकर जब पिता जयप्रकाश व अन्य परिजन कमरे में पहुंचे तो दीपांजलि के पैर पर सांप के डसने जैसा निशान दिखा। परिजन समझ गए कि दीपांजलि को सांप ने डसा है। परिजनों ने तुरंत सांप के डसने वाले स्थान पर चीरा लगा दिया और दीपांजलि को इलाज के लिए सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टरों ने तुरंत दीपांजलि का इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सांप के डसने के बाद परिजन के द्वारा चीरा लगाए जाने के कारण डॉक्टरों को स्थिति समझने में मुश्किल हो रही थी। दीपांजलि की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बता दें कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।