
Sidhi BJP Leader Arrested: मध्यप्रदेश के सीधी में पुलिस ने भाजपा के सह-कार्यालय मंत्री संदीप सिंह गहरवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं आरोपी संदीप सिंह गहरवार की गिरफ्तारी की खबर लगते ही उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। सीधी भाजपा के जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान ने पत्रिका से बात करते हुए बताया है कि मामला संज्ञान में आते ही संदीप सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
आरोपी संदीप सिंह गहरवार के खिलाफ एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से आरोपी से बातचीत शुरू हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच मोबाइल पर भी बातचीत होने लगी। जनवरी 2026 में आरोपी ने महिला को अपने मैरिज गार्डन में बुलाया और बुकिंग कराने पर 50 प्रतिशत कमीशन देने की बात कही। शिकायत में आरोप है कि महिला के मैरेज गार्डन में पहुंचने पर आरोपी ने कमीशन की बातों में उलझाकर उसके साथ गलत काम भी किया।
महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी बुकिंग संबंधी काम का बहाना बनाकर उसे बार-बार मैरेज गार्डन बुलाता और उसके पति के खिलाफ भड़काता था। इसी दौरान फरवरी 2026 में महिला अपने मायके चली गई। वहां रहने के दौरान भी आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उससे संपर्क करता रहा और पति के खिलाफ उकसाता रहा।
शिकायत के अनुसार 14 अगस्त को महिला और उसके पति के बीच आपसी सुलह हो गई और वह वापस सीधी आ गई। इसके दो-तीन दिन बाद आरोपी ने दूसरे मोबाइल नंबर से फोन कर महिला पर मिलने के लिए दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। महिला ने पुलिस को बताया, वह काम के सिलसिले में सीधी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करती है। आरोपी के दबाव बनाने पर तंग आकर उसने पति को पूरी बात बताई और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंची। थाना प्रभारी जमोड़ी केदार परौहा ने आरोपी संदीप सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।