
Sidhi Newborn Baby Found: मध्यप्रदेश केसीधी जिले से एक बार फिर मां की ममता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां करीब 24 घंटे की नवजात बच्ची को सुनसान सड़क के किनारे झाड़ियों में छोड़ दिया गया। बच्ची के रोने की आवाज जब राहगीरों ने सुनी तो उन्होंने झाड़ियों में जाकर देखा तो बच्ची नजर आई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। नवजात बच्ची को जिला अस्पताल के SNCU वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मामला कमर्जी थाना क्षेत्र के सीधी-मऊगंज मार्ग पर स्थित सोननदी गऊघाट का है। यहां सड़क किनारे झाड़ियों में नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली थी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर कुछ राहगीरों ने झाड़ियों के पास जाकर देखा तो नवजात नजर आई। राहगीरों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय को भी मामले की सूचना मिली। वे मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में जुट गए। विवेक पांडेय का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद कमर्जी थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। काफी देर इंतजार करने के बाद वे बच्ची को अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में नवजात को SNCU वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर रवि पटेल ने बताया कि बच्ची का स्वास्थ्य फिलहाल ठीक है, हालांकि उसका ऑक्सीजन लेवल कम आया था। उसे ऑक्सीजन और एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्ची के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसने और किन परिस्थितियों में महज एक दिन की बच्ची को सुनसान सड़क किनारे छोड़ दिया? फिलहाल बच्ची की पहचान और उसे झाड़ियों में छोड़ने वाले व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।