
Sidhi Newborn Baby Murder Case: मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक मां ने नौ महीने तक जिस बेटी को अपनी कोख में पाला उसे ही जन्म के पांच दिन बाद मार डाला। घटना चुरहट के भेलकी-820 गांव की है जहां गुरुवार को पानी के नीले ड्रम में मृत मिली 5 दिन की मासूम प्रिशा की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मासूम की हत्या की गई थी और हत्या करने वाली कोई और नहीं बल्कि मासूम की मां ही निकली है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मां को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
26 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में भेलकी-820 गांव में रहने वाले पंकज पटेल की पत्नी सोनू पटेल ने एक बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची का नाम प्रिशा रखा गया, 28 जुलाई को डॉक्टरों ने बच्ची और उसकी मां सोनू पटेल को स्वस्थ बताकर अस्पताल से छुट्टी दे दी और परिजन मां-बेटी को लेकर घर आ गए। प्रिशा ने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं था, कि 30 जुलाई की सुबह उस वक्त सब कुछ बदल गया जब प्रिशा घर के सामने रखे पानी से भरे नीले ड्रम में मृत मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो पुलिस को मामला संदेहास्पद लगा।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय ड्रम का ढक्कन बंद था। पांच दिन की नवजात का खुद से ड्रम तक पहुंच पाना संभव नहीं था। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण और परिजनों के बयानों ने धीरे-धीरे घटनाक्रम की परतें खोल दीं। पुलिस ने मृतिका की मां, बड़ी मां और बुआ सहित अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए तो प्रिशा की मौत का कारण पता चल गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रिशा की हत्या उसकी मां सोनू पटेल ने की थी। आरोपी मां सोनू पटेल नवजात बेटी के जन्म के बाद उसे पालने-पोसने को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी। इसी कारण उसने 30 जुलाई की सुबह करीब 9.20 बजे बच्ची को घर के सामने रखे पानी से भरे नीले ड्रम में डुबो दिया और किसी को शक न हो, इसलिए ड्रम का ढक्कन भी बंद कर दिया।
प्रिशा माता-पिता की दूसरी बेटी थी और उनकी पहली बेटी करीब दो वर्ष की है। पिता पंकज पटेल के बड़े भाई की भी दो बेटियां हैं, इस तरह से संयुक्त परिवार में प्रिशा चौथी बेटी थी। इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए भी पुलिस को हत्या की आशंका थी जो सच साबित हुई। चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि मर्ग जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर नवजात की मां के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।