सीधी

सीधी जिला अस्पताल की सुरक्षा की पोल खुली, अराजक तत्वों ने की तोड़फोड़, बंद पड़े CCTV

Sidhi District Hospital : जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे अराजक तत्वों ने ओटी में जमकर तोड़फोड़ की, साथ ही कुछ जरूरी मशीनरी उठाकर भी ले गए। सीएमएचओ ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मामले की जांच में जुटी कोतवाली पुलिस।
3 min read
• •
Oct 08, 2026
Sidhi District Hospital
एमसीएच विंग के ओटी में हुई घटना (फोटो सोर्स: Patrika)

Sidhi News :मध्य प्रदेश के सीधी जिला अस्पताल के एमसीएच विंग से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ अज्ञात अराजक तत्वों ने अस्पताल के सबसे संवेदनशील क्षेत्र कहे जाने वाले ऑपरेशन थिएटर में घुसकर जमकर उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ की है। आरोप ये भी है कि, उत्पाती ओटी से जरूरी सामान तक चुराकर ले गए हैं।

बताया जा रहा है कि, अज्ञात लोग ऑपरेशन थिएटर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे, साउंड प्रूफ दरवाजा लगे होने से बाहर मौजूद स्टाफ और गार्ड को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में उन्होंने बड़े आराम से अपना काम तमाम किया और वापस भाग भी निकले।

रात 9 बजे तक चला काम

मशीनरी में तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त कीं (फोटो सोर्स: Patrika)

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, बुधवार को रात 9 बजे तक ऑपरेशन थिएटर में काम चला था। इसके बाद ऑपरेशन थिएटर बंद कर स्टाफ बाहर निकल गया था। ऑपरेशन थिएटर के ठीक सामने ही डिलेवरी कक्ष भी है, जिससे वहां चहल-पहल बनी रहती है, इसके बावजूद भी किसी को अंदर हुई तोड़फोड़ की भनक तक नहीं लग की।

एसी, मॉनीटर के साथ मशीनरी तोड़ी

एमसीएच विंग के ओटी में हुई घटना (फोटो सोर्स: Patrika)

ऑपरेशन थिएटर में जिस तरह उत्पात मचाया गया है उससे यह प्रतीत होता है कि अराजक तत्व तोड़-फोड़ करने की नीयत से ही घुसे थे। उनके द्वारा नलों की टोटियां, कमोड, सिस्टन, एयर कंडीशनर, मॉनीटर सहित आवश्यक मशीनरी में तोड़-फोड़ की गई। दवाइयां आदि बिखेर दी गई। आवश्यक कागजात पानी में फेंक दिये गए। केविल आदि काट दी गई।

सामान चोरी की भी आशंका

एमसीएच विंग के ओटी में हुई घटना (फोटो सोर्स: Patrika)

ऑपरेशन थिएटर में तोड़-फोड़ के साथ ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा कुछ सामान के चोरी होने की भी आशंका जताई है। प्रबंधन के अनुसार, क्या और कितना सामान चोरी गया, ये रिकॉर्ड से मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन प्रथम दृष्ट्या कुछ चादर, कंबल समेत अन्य सामान गायब है।

तैनात थे दो गार्ड, नहीं लगी भनक

जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में रात में दो गार्ड तैनात थे, एक गार्ड गेड में था, जबकि दूसरा ऑपरेशन थिएटर के पास ही तैनात था। लेकिन ऑपरेशन थिएटर में की जा रही तोडफ़ोड़ की इनकों भनक तक नहीं लगी। बताया गया, ऑपरेशन थिएटर के बाहर आवाज नहीं आती, इसलिए घटना की जानकारी नहीं हो पाई।

सीसीटीवी कैमरे थे बंद

एमसीएच विंग के ओटी में हुई घटना (फोटो सोर्स: Patrika)

जिला अस्पताल का एमसीएच विंग सीसीटीवी कैमरों से लैस है, ऑपरेशन थिएटर में भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। लेकिन अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बीते कुछ दिनों से ऑपरेशन थिएटर के सीसीटीवी कैमरों की केविल निकली हुई थी, जिस पर ध्यान नहीं दिया गया।

तैयार होने में लगेगा समय, क्रिटिकल डिलेवरी प्रभावित

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जिस तरह से ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ हुई है, उसे दोबारा सेटअप कर ऑपरेशन थिएटर इस्तेमाल में लाने लायक तैयार करने में करीब एक पखवाड़े से अधिक का समय लग सकता है। ऐसे में क्रिटिकल डिलेवरी जिनमें सीजर की जरूरत पड़ेगी, प्रभावित हो जाएगी। हालांकि, सिविल सर्जन का दावा है कि, पुराने भवन की माइनर ओटी को व्यवस्थित करवा कर क्रिटिकल डिलीवरी के सीजर वहीं कराने की व्यवस्था बनाई जाएगी।

Updated on:
08 Oct 2026 07:32 pm
Published on:
08 Oct 2026 06:24 pm