
सीकर। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक महीने से फरार चल रही 21 वर्षीय युवती भारती सोनी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए युवती जयपुर के करधनी इलाके में अपने दोस्त की गर्लफ्रेंड की सहेली के घर छिपकर रह रही थी। पुलिस के अनुसार, भारती और उसका पार्टनर मामराज लंबे समय से मादक पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय थे। पुलिस अब फरार मामराज की तलाश में जुटी है।
उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि 31 अक्टूबर को सीकर कोतवाली थाना पुलिस ने सालासर रोड स्थित एक निजी कॉलेज के पास कार्रवाई करते हुए हरिराम बाठोद को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 98.40 ग्राम एमडीएमए बरामद की थी। हरिराम इससे पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद मामले की जांच उद्योग नगर थाना पुलिस को सौंपी गई थी।
पुलिस पूछताछ में हरिराम ने बताया कि उसने बरामद एमडीएमए भारती सोनी और मामराज से खरीदी थी। वह इसकी आगे सप्लाई करने वाला था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, हरिराम की गिरफ्तारी के बाद भारती और मामराज फरार हो गए थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भारती सोनी जयपुर के करधनी इलाके में छिपी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर लक्ष्मणगढ़ में डाकनियों के मंदिर के पास रहने वाली भारती सोनी (21) पुत्री परमेश्वर लाल सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, भारती अपने दोस्त की गर्लफ्रेंड की सहेली के घर रहकर फरारी काट रही थी।
पुलिस के अनुसार, भारती सोनी और उसका पार्टनर मामराज लंबे समय से एमडी की सप्लाई में सक्रिय थे। भारती की गिरफ्तारी में कांस्टेबल देवीलाल की अहम भूमिका रही। फिलहाल, उद्योग नगर थाना पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही फरार आरोपी मामराज की तलाश कर रही है।