सीकर

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर पर राजस्थान के 3 जिलों में 16 गंभीर मामले दर्ज, फिर भी चवन्नी का इनाम, अब 9 जनों में बंटेगे 25 पैसे

Rajasthan Crime: राजस्थान के सीकर जिले में दादिया थाना पुलिस ने एक ऐसे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। जिसके खिलाफ प्रदेश के तीन जिलों में 16 गंभीर मामले दर्ज है। फिर भी हिस्ट्रीशीटर पर चवन्नी का इनाम घोषित किया गया।
2 min read
May 09, 2026
History-sheeter Sunil alias Pandya
25 पैसे के इनामी हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया। फोटो: पत्रिका

Sikar Crime News: सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में दादिया थाना पुलिस ने एक ऐसे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। जिसके खिलाफ प्रदेश के तीन जिलों में 16 गंभीर मामले दर्ज है। फिर भी हिस्ट्रीशीटर पर चवन्नी का इनाम घोषित किया गया। ऐसे में अब 25 पैसे की राशि को 9 जनों में बांटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती नजर आ रही है।

दरअसल, दादिया थाना पुलिस ने चवन्नी यानी 25 पैसे के इनामी हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया को गिरफ्तार किया है। आरोपी एसपी ग्रुप का सरगना बताया जा रहा है और उसके खिलाफ सीकर व आसपास के दो जिलों के सात पुलिस थानों में गंभीर प्रकृति के 16 मामले दर्ज हैं।

15 मामले फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन

इनमें हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, अपहरण, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट, आबकारी और आईटी एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इनमें से 15 मामले फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन हैं।

आरोपी पर इसलिए घोषित किया गया 25 पैसे का इनाम

पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने करीब दो महीने पहले आरोपी पर प्रतीकात्मक रूप से 25 पैसे का इनाम घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य बड़े गिरोह चलाने वाले बदमाशों का मनोबल तोड़ना और आमजन में सकारात्मक संदेश देना था।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड जुटाकर थाना स्तर पर मामला दर्ज

दादिया थानाधिकारी संजय पूनियां ने बताया कि आइजी और एसपी के निर्देश पर हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया (25) पुत्र हरिराम जाट निवासी खींवासर, बलारां के खिलाफ नए आपराधिक कानून-2023 के तहत कार्रवाई शुरू की गई। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड जुटाकर थाना स्तर पर मामला दर्ज किया गया और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

नौ जनों में बंटेगी इनाम की राशि

थानाधिकारी संजय पूनियां के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बलारां थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी को पकडऩे वाली नौ सदस्यीय टीम के बीच 25 पैसे की इनामी राशि बांटी जाएगी।

Updated on:
09 May 2026 11:48 am
Published on:
09 May 2026 11:21 am