सीकर

इस युवक की हुई रहस्यमयी ढंग से मौत, गर्दन पर मिले नाखून की खरोंच के निशान

www.patrika.com/sikar-news/
2 min read
Sep 29, 2018
sikar
sikar crime news

टोडा/नीमकाथाना.
सीकर जिले के गांव किशनपुरा में शुक्रवार सुबह अपने ही घर के सामने जीप में युवक मृत अवस्था में मिला। युवक के मुंह व नाक से झाग और गर्दन पर नाखून की खरोंच भी मौजूद है। सूचना से मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को राजकीय कपिल अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


जानकारी के अनुसार सुरेश मीणा पुत्र बनवारी लाल मीणा (22) गुरुवार रात करीब साढ़े सात बजे अपनी जीप से घर आया। मां ने युवक को खाना खाने की बात की तो युवक ने कहा कि वह खाना खाकर आया है। मां का गुरुवार को उपवास होने पर बेटे ने उसको कहानी सुनाई थी। बाद में उसने मां से तिलक भी निकलवाया था। उसके बाद मृतक परिवार के साथ सोने के लिए छत पर चला गया।


रात को युवक शौच के लिए गया तो उसकी मां भी निगरानी के लिए साथ गई। शौच के बाद युवक ने अपनी मां से कहा कि ओस गिर रही है। मैं गाड़ी में ही सो रहा हूं। मृतक की मां भी युवक के साथ बाहर पेड़ के नीचे सो गई। सुबह मृतक के पिता व मां ने उसको जगाया, लेकिन काफी देर तक नहीं उठा इस पर उन्होंने पास आकर देखा तो युवक गाड़ी में मृत पड़ा था। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी।

रिश्तेदारों ने दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदर थानाधिकारी उदय सिंह मय जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टामार्टम के लिए नीमकाथाना के कपिल अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। परिजनों ने हत्या की संभावना जताई है।

Published on:
29 Sept 2018 12:14 pm