सीकर

Mock Drill: खाटूश्यामजी मंदिर में घुसे दो आतंकवादी, एटीएस ने किया ढेर, हथियार बरामद

Mock Drill: विश्व विख्यात खाटूश्यामजी मंदिर में शुक्रवार को उस समय कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई, जब मंदिर परिसर में आतंकवादी छिपे होने की सूचना पर एटीएस की टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए धावा बोल दिया।
less than 1 minute read
Mar 06, 2026
Feature image
Mock Drill: खाटूश्याम मंदिर में घुसे दो आतंकवादी: फोटो पत्रिका

खाटूश्यामजी (सीकर)। विश्व विख्यात खाटूश्यामजी मंदिर में शुक्रवार को उस समय कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई, जब मंदिर परिसर में आतंकवादी छिपे होने की सूचना पर एटीएस की टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए धावा बोल दिया। एटीएस के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही पलों में दोनों आतंकवादियों को ढेर कर दिया। टीम ने आतंकवादियों के पास से हथियार, बारूद आदि बरामद किए।

बाद में सामने आई मॉकड्रिल की सच्चाई

हालांकि बाद में यह स्पष्ट हुआ कि यह पूरी कार्रवाई एटीएस की ओर से की गई मॉकड्रिल थी, जिसका उद्देश्य मंदिर परिसर में संभावित आतंकी हमले जैसी आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और तैयारियों को परखना था।

श्रद्धालुओं ने ली राहत की सांस

मॉकड्रिल की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने राहत की सांस ली। बताया गया कि खाटू श्याम मंदिर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभ्यास किए जाते हैं।

पहले भी हो चुकी हैं मॉकड्रिल

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एटीएस की ओर से मंदिर परिसर में तीन बार मॉकड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखा जा चुका है। इस दौरान एटीएस टीम के साथ मंदिर सुरक्षा गार्ड प्रभारी रघुनाथ सिंह, मंदिर समिति के लक्ष्मीकांत रंगलालका सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Updated on:
06 Mar 2026 02:26 pm
Published on:
06 Mar 2026 02:26 pm