सीकर

Banwarilal Goswami: लाइसेंस एजेंट से यूट्यूब स्टार तक, बन्नू उर्फ बनवारीलाल की संघर्ष भरी कहानी, जानें क्यों चर्चा में आए

Banwarilal-Pankaj Controversy: आरटीओ में लाइसेंस एजेंट के तौर पर काम करने वाले बनवारीलाल गोस्वामी ने संघर्षों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। मां की प्रेरणा से शुरू किया यूट्यूब सफर आज उन्हें शेखावाटी का चर्चित कॉमेडियन बना चुका है।
2 min read
May 06, 2026
Banwarilal-Pankaj
बनवारीलाल गोस्वामी। फाइल फोटो- पत्रिका नेटवर्क

सीकर। शेखावाटी के कॉमेडियन बन्नू उर्फ बनवारीलाल गोस्वामी और पंकू उर्फ पंकज सोनी में विवाद हो गया। पूरा मामला प्रॉपर्टी से जुड़ा हुआ है। बता दें कि गाड़ोदा निवासी बन्नू उर्फ बनवारीलाल गोस्वामी कभी आरटीओ में लाइसेंस एजेंट का काम करता था। इसी दौरान 2019 में उसने मां की याद में अपना यू-ट्यूब चैनल शुरू किया।

आरटीओ में अवकाश के दिन वह वीडियो बनाकर उस पर अपलोड करता। शुरुआत में काफी संघर्ष किया, लेकिन धीरे-धीरे उसकी कॉमेडी को पहचान मिलने लगी। बनवारी के अनुसार चैनल की शुरुआत उसने अपनी मां को समर्पित करते हुए की थी, जो हमेशा उसे कुछ अलग और नया करने के लिए प्रेरित करती थीं। मां के निधन के बाद मामा के कहने पर उसने इस दिशा में कदम बढ़ाया। बाद में कोरोना काल के दौरान सुजानगढ़ से अपने ननिहाल गाड़ोदा आए पंकज भी उसके साथ जुड़ गए।

शेखावाटी अंदाज में कॉमेडी

इसके बाद दोनों ने मिलकर कॉमेडी वीडियो बनाने का सिलसिला शुरू किया और सोशल मीडिया पर शेखावाटी अंदाज की कॉमेडी को पहचान दिलाई। उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिससे उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई। इसी दौरान दोनों ने गांव में पास-पास जमीन लेकर घर बनाने की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि मकान निर्माण के बाद दोनों परिवार भी वहीं रहने लगे। हालांकि समय के साथ रिश्तों में खटास आनी शुरू हुई और सितंबर 2025 में किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद दोनों ने साथ काम करना बंद कर दिया और अलग-अलग राह पकड़ ली।

प्रॉपर्टी को लेकर हुआ विवाद

अब मामला जमीन के स्वामित्व को लेकर तूल पकड़ चुका है। पंकज सोनी का कहना है कि जिस जमीन पर मकान बना है, वह उनकी है और उन्होंने भरोसे के चलते रजिस्ट्री अपने नाम नहीं करवाई थी। उनका दावा है कि उनके पास बिजली बिल और पुराने वीडियो जैसे सबूत हैं, जो उनके पक्ष को मजबूत करते हैं।

बनवारीलाल ने रखा पक्ष

वहीं दूसरी ओर बनवारीलाल गोस्वामी ने अपने पक्ष में दस्तावेज और बैंक लोन से जुड़े कागज होने की बात कही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई भी दी। वीडियो में उन्होंने कहा कि किसी को ऊपर उठाने वाला भगवान ही होता है और वही पलभर में स्थिति बदल भी सकता है।

दोनों के बीच बढ़ते इस विवाद ने उनके फैंस को भी हैरान कर दिया है, क्योंकि कभी साथ मिलकर लोगों को हंसाने वाली यह जोड़ी अब आपसी मतभेदों के कारण अलग हो चुकी है। फिलहाल मामला चर्चा में है और आगे क्या मोड़ लेगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Updated on:
06 May 2026 09:00 pm
Published on:
06 May 2026 08:04 pm