सीकर

पति ने पत्नी की गंडासे से कर दी हत्या, गर्दन पर किए 3-4 वार, आरोपी हिरासत में

सीकर में रामगढ़ सेठान के तिहाय गांव में गुरुवार सुबह पति ने पत्नी की गंडासे से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी।

2 min read
Sep 04, 2025
husband murdered his wife
फोटो पत्रिका

सीकर। रामगढ़ सेठान के तिहाय गांव में गुरुवार सुबह पति ने पत्नी की गंडासे से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। घर में आपसी विवाद व गृह क्लेश के चलते पति ने गंडासे से पत्नी की गर्दन पर 3-4 वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर रामगढ़ सेठान पुलिस मौके पर पहुंची। शव अस्पताल में रखा गया है। मामले में आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

रामगढ़ सेठान थाना पुलिस के अनुसार तिहाय गांव में पति श्रवण कुमार (55) पत्नी सुमन जाट(50) के साथ रह रहा था। कुछ दिनों से इनमें झगड़ा चल रहा था। बुधवार रात भी श्रवण ने गुस्से में सुमन पर हमला करने की कोशिश की थी, तब परिवार वालों ने बचा लिया। गुरुवार सुबह 11 बजे फिर से उनके बीच झगड़ा हो गया। श्रवण ने फिर उस पर हाथ उठाया, तो सुमन भागकर छत पर चली गई। इस बीच श्रवण गंडासा लेकर उसके पीछे छत पर आया और सुमन की गर्दन पर ताबड़तोड़ तीन चार वार कर दिए।

सुमन घायल होकर वहीं गिर गई। आधी गर्दन कट गई, जिससे दूर तक खून ही खून फैल गया। छत से नाले से बहते खून को देख परिवार के लोग बदहवाश से छत पर गए, तो सुमन घायल अवस्था में पड़ी थी, जिसे परिजन तत्काल अस्पताल लेकर गए। वहां पर चिकित्सकों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार श्रवण कुमार जाट मानसिक रूप से कमजोर था। उसका इलाज भी चल रहा था। दोनों के एक बेटा है, जो दुबई में काम करता है। दोनों खेती का काम करते थे। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका का अंतिम संस्कार बेटे के आने के बाद शुक्रवार को किया जाएगा।

Published on:
04 Sept 2025 07:53 pm