सीकर

Sikar : जंतर-मंतर आंदोलन से पहले रींगस के अधिवक्ता संजू वर्मा घर से डिटेन, कठूमर में बड़े सीजेपी नेता के घर पहुंची पुलिस

Sikar : नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने की तैयारी कर रहे अधिवक्ता सुरेंद्र उर्फ संजू वर्मा को पुलिस ने डिटेन कर लिया है।
2 min read
• •
Oct 09, 2026
jantar mantar protest sikar ringas lawyer sanju verma was detained
Sikar : सीकर। रींगस पुलिस ने एडवोकेट संजू वर्मा को किया डिटेन। फोटो पत्रिका

Sikar : सीकर. नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने की तैयारी कर रहे रींगस के निकटवर्ती महरौली निवासी राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर के अधिवक्ता सुरेंद्र उर्फ संजू वर्मा को शुक्रवार सुबह उनके घर से डिटेन किए जाने का मामला सामने आया है। संजू वर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले ही रींगस पुलिस उनके घर पहुंची और उन्हें डिटेन कर लिया। वहीं दूसरी तरफ अलवर जिले के कठूमर में सीजेपी कार्यकर्ता दीपक बालियान के घर भी पुलिस पहुंची थी।

इस कार्रवाई के बाद अधिवक्ता संजू वर्मा ने प्रशासन पर आंदोलनकारियों को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा। संजू वर्मा के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य संगठनों की ओर से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित था। वे भी इस आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह रींगस पुलिस उनके घर पहुंची और उन्हें डिटेन कर लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इतना डरा हुआ है कि आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों को घरों से ही डिटेन किया जा रहा है।

पहले भी कई आंदोलनों में निभा चुके हैं सक्रिय भूमिका

अधिवक्ता संजू वर्मा कॉकरोच जनता पार्टी के साथ जुड़ने के बाद से ही सोशल मीडिया और विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं। इससे पहले वे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों में शामिल हो चुके हैं। इसके अलावा मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में भी उन्होंने भाग लिया था।

स्कूल बचाओ अभियान व स्कूल निरीक्षण के दौरान हमले में टूट गया था हाथ

21 अगस्त 2026 को रामपुर कंवरपुरा में स्कूल निरीक्षण के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों पर हुए हमले के विरोध में भी संजू वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। इस दौरान उनके हाथ में चोट आई थी और हाथ टूट गया था। चोट लगने के बावजूद वे आंदोलन और विरोध प्रदर्शनों से जुड़े रहे।

मजदूर परिवार से ताल्लुक रखते हैं संजू वर्मा

संजू वर्मा के पिता महेंद्र कुमार वर्मा ईंट-भट्टों पर मजदूरी करते हैं। संजू वर्मा स्वयं राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर में अधिवक्ता के रूप में वकालत करते हैं। फिलहाल संजू वर्मा को डिटेन किए जाने की कार्रवाई को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कठूमर में सीजेपी कार्यकर्ता के घर भी पहुंची थी पुलिस

अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) कार्यकर्ता दीपक बालियान के आवास पर पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिली है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को पुलिस दल दीपक बालियान के आवास पर पहुंचा और दीपक को बताया गया कि दिल्ली क्षेत्र में धारा 163 लागू होने के कारण प्रशासन की ओर से धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है।

इस संबंध में जानकारी दिए जाने के दौरान स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हुई, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दीपक को शांतिपूर्वक समझाया। समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो गयी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दीपक बालियान को हिरासत में लेकर थाने नहीं ले जाया गया। उन्हें परिजनों की मौजूदगी में उनके घर पर ही छोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। रात में ही दीपक का कठूमर में चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।

Updated on:
09 Oct 2026 06:14 pm
Published on:
09 Oct 2026 06:06 pm