सीकर

खाटू श्यामजी फाल्गुन मेला 2026ः श्रद्धालुओं के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, 16 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

16 Special Train For Khatu Shyam Ji: जिससे दिल्ली, हरियाणा और गुजरात सहित कई राज्यों से आने वाले भक्तों का सफर पहले से ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा।
2 min read
Feb 08, 2026
Feature image
Khatu Shyam Ji Fagun Mele News

Khatu Shyam Falgun Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध खाटू श्यामजी फाल्गुन मेला 2026 में शामिल होने की योजना बना रहे लाखों श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है। हर साल फाल्गुन मेले के दौरान बाबा श्याम के दरबार में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिमी रेलवे ने इस बार 16 विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन 18 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक किया जाएगा, जिससे दिल्ली, हरियाणा और गुजरात सहित कई राज्यों से आने वाले भक्तों का सफर पहले से ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इन ट्रेनों को दो चरणों में चलाया जाएगा। उत्तर पश्चिमी रेलवे के डीसीएम डॉ. जगदीश कुमार ने बताया कि पहले चरण की ट्रेनें 18 फरवरी से 2 मार्च तक चलेंगी, जबकि दूसरा चरण 24 फरवरी से 1 मार्च के बीच संचालित होगा। दोनों चरणों में 8-8 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य यह है कि फाल्गुन मेले के चरम दिनों में भी यात्रियों को भीड़ और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।

पहले चरण में दिल्ली, जयपुर और हरियाणा रूट को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कुरुक्षेत्र, फुलेरा स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से रात 11.30 बजे रवाना होकर सुबह 8.30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। वहीं मदार-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन सुबह 4.30 बजे मदार से चलकर 10.40 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इसके अलावा जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल ट्रेन सुबह 11.35 बजे जयपुर से रवाना होकर रींगस और नीमकाथाना होते हुए शाम 5 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

गुजरात और सूरत क्षेत्र से आने वाले भक्तों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। हिसार से सूरत-वलसाड़ जाने वाली स्पेशल ट्रेन दोपहर 12.05 बजे हिसार से चलकर अगले दिन सुबह 11.30 बजे सूरत वलसाड़ पहुंचेगी। यह ट्रेन अजमेर, नीमच और रतलाम जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे गुजरात के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

दूसरे चरण में रेलवे का पूरा फोकस रेवाड़ी-फुलेरा रूट पर रहेगा। इस दौरान चलने वाली 8 ट्रेनें रींगस, श्रीमाधोपुर और नीमकाथाना के रास्ते श्रद्धालुओं को सीधे खाटू श्यामजी के नजदीकी स्टेशनों तक पहुंचाएंगी। फुलेरा से रेवाड़ी के लिए सुबह 8 बजे, दोपहर 1.15 बजे, रात 10.35 बजे और 2.30 बजे अलग-अलग समय पर ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।

रेलवे ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो अतिरिक्त ट्रेनें रिजर्व में रखी हैं, ताकि भीड़ बढ़ने पर उन्हें तुरंत संचालन में लाया जा सके। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों से फाल्गुन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा न केवल आसान होगी, बल्कि समय पर और सुरक्षित भी रहेगी।

Updated on:
08 Feb 2026 12:07 pm
Published on:
08 Feb 2026 12:07 pm