
Khatu Shyamji E-rickshaw: खाटूश्यामजी: बाबा श्याम की नगरी में बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने ई-रिक्शा संचालन पर सख्ती का निर्णय लिया है। अब खाटूश्यामजी में संचालित सभी ई-रिक्शों का अनिवार्य पंजीयन होगा और प्रत्येक वाहन को निर्धारित रूट के अनुसार कलर-कोड व यूनिक स्टिकर जारी किए जाएंगे। तय मार्ग से बाहर संचालन या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किराए पर चल रहे ई-रिक्शों के संचालन पर भी रोक लगाने का फैसला किया गया है।
बता दें कि बुधवार शाम थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। एसपी ने कहा कि लगातार बढ़ रही ई-रिक्शों की संख्या के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नई व्यवस्था लागू होने से वाहनों की पहचान, निगरानी और संचालन को सुव्यवस्थित किया जा सकेगा।
रींगस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक गर्ग ने बताया कि ई-रिक्शा यूनियन और थाना पुलिस की संयुक्त बैठक के बाद रूट, कलर-कोड और शुल्क का अंतिम निर्धारण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य रिक्शों को केवल गोल्डन वाटर पार्क डायवर्जन तक ही प्रवेश मिलेगा, जबकि शहर के मुख्य क्षेत्र में उनका संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
डिप्टी एसपी राजेश जांगिड़ ने कहा कि प्रत्येक ई-रिक्शा का संचालन उसके पंजीकृत मालिक द्वारा ही किया जाएगा। वर्तमान में कई वाहन किराए पर देकर चलवाए जा रहे हैं, जिस पर रोक लगाई जाएगी। मालिक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति वाहन चलाते मिला तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
थानाधिकारी इंद्राज मरोड़िया ने बताया कि ई-रिक्शों के लिए पांच रूट निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले दिनों में बाहरी रूट प्रभावी रहेंगे। निर्धारित रूट के अलावा किसी अन्य मार्ग पर ई-रिक्शा संचालित करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यातायात प्रभारी रामवतार, मालाराम, एएसआई सायर सिंह, राधेश्याम मीणा, हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी, कांस्टेबल राजेंद्र सहित पुलिस अधिकारी एवं ई-रिक्शा संचालक उपस्थित रहे।