Khatu Mela 2026: यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने कहा कि श्याम भक्तों के लिए खाटूश्यामजी में नगर पालिका की पार्किंग पूरी तरह निशुल्क रहेगी।
सीकर। धार्मिक स्थलों पर पार्किंग के नाम पर खुली लूट का मुद्दा राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदार जागे हैं। यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने कहा कि खाटूश्यामजी के मेले में लाखों भक्त देश-दुनिया से यहां आते हैं। यहां भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्याम भक्तों के लिए खाटूश्यामजी में नगर पालिका की पार्किंग पूरी तरह निशुल्क रहेगी।
फिलहाल नगर पालिका खाटूश्यामजी की तरफ से चार पार्किंग स्टैण्ड तय किए हैं। खर्रा ने कहा कि अन्य पार्किंग स्थलों के लिए सीकर जिला प्रशासन जल्द राशि तय करेगा। इसके बाद भी यदि कोई पार्किंग संचालक ज्यादा राशि लेता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्याम मेले के दौरान एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को पार्किंग स्थलों की निगरानी का जिम्मा दिया गया है। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका में रविवार के अंक में धार्मिक स्थलों पर पार्किंग के नाम पर लूट का मामला प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद हरकत में आए जिम्मेदारों ने यह व्यवस्था की है।
यूडीएच मंत्री ने कहा कि खाटूश्यामजी के अलावा प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों की भी समीक्षा कराई जाएगी। यदि वहां भी तय राशि से ज्यादा पार्किंग शुल्क लेने का मामला सामने आता है तो कार्रवाई की जाएंगी।