सीकर

Khatushyamji : खाटूश्यामजी निर्जला एकादशी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, रींगस रोड घोषित होगा ‘नो व्हीकल जोन’

खाटूश्यामजी निर्जला एकादशी मेले को लेकर मंगलवार को कलक्टर-एसपी ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई। अतिक्रमण हटाने एवं राजू की चेन से दर्शन मार्ग पर मार्किंग के निर्देश दिए गए। 25 से 27 जून तक रींगस रोड 'नो व्हीकल जोन' रहेगा। मंदिर क्षेत्र के सभी मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
2 min read
Jun 23, 2026
khatushyamji Mela
Khatushyamji Mela: निरीक्षण करते एसपी-कलक्टर (फोटो-पत्रिका)

सीकर। बाबा खाटूश्यामजी के निर्जला एकादशी के दो दिवसीय मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। मंगलवार को जिला कलक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर भावना शर्मा ने खाटूधाम में मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बाबा श्याम के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर कमेटी मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान एवं अन्य अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर समेत कई जगहों पर पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने गुवाड़ चौक मोहल्ले के निकासी द्वार, पूछताछ कार्यालय के पास निकासी मार्ग, कबूतर चौक, प्राचीन कानपुर धर्मशाला के समीप नए निकासी मार्ग, मित्र मंडल क्षेत्र तथा राजू की चेन वाले रास्ते का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रवेश और निकासी मार्गों पर मेले एवं भीड़भाड़ वाले दिनों में अक्सर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। इस पर कलक्टर ने पालिका ईओ ओमप्रकाश चौधरी को तत्काल मार्ग की मार्किंग कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह वीडियो भी देखें :

अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

कलक्टर ने मुख्य मार्गों पर दुकानदारों के अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण करने वाले प्रतिष्ठानों को सीज करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने मानसून को देखते हुए संभावित जलभराव स्थलों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान छोटी दमकल गाड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

आयोजित हुई समीक्षा बैठक

इसके बाद पुलिस थाना परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में चिकित्सा, बिजली, जलदाय, सार्वजनिक निर्माण, नगरपालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान दांतारामगढ़ एसडीएम अमृता खंडेलवाल, तहसीलदार शैलजा शेखावत, रींगस एएसपी दीपक गर्ग, खाटू सीओ राजेश जांगिड़, थाना प्रभारी पवन चौबे, कमेटी व्यवस्थापक संतोष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एसपी ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि निर्जला एकादशी एवं खाटूश्यामजी मेला के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। 25 से 27 जून तक रींगस रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वाहनों का प्रवेश शाहपुरा मार्ग से 52 बीघा सरकारी पार्किंग में कराया जाएगा, जबकि निकासी मंढा रोड से होगी। सांवलपुरा पार्किंग से पलसाना मार्ग पर आवागमन संचालित रहेगा। मंदिर परिसर के आसपास के सभी मार्ग नो व्हीकल जोन घोषित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम और सुरक्षित रह सके।

Updated on:
23 Jun 2026 10:43 pm
Published on:
23 Jun 2026 10:35 pm