
सीकर। खाटूश्यामजी नगर पालिका में मुकाबला विवाद में फंस गया। कांग्रेस की महिला पार्षद लक्ष्मी के लापता होने की वजह से पहले वोटिंग रोकी गई। निर्वाचन अधिकारी ने लक्ष्मी के लिए रात 11:30 बजे तक वोटिंग का समय बढ़ाया। 12:30 बजे के बाद मतपत्र सील कर दिए। करीब 1 बजे मतदान स्थगित कर दिया गया। कांग्रेस परिणाम जारी करवाने के लिए कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है। लक्ष्मी के पति ने एफआइआर दर्ज करवा दी है और वे भाजपा नेताओं के साथ धरने पर बैठे गए। इस घटनाक्रम की वजह यह बताई जा रही है कि यहां कांग्रेस और भाजपा अब तक बराबरी में हैं तथा जिस महिला पार्षद ने अब तक वोट नहीं डाला है, वह भाजपा प्रत्याशी की रिश्तेदार है।
दरअसल, सीकर जिले के खाटू में एक कांग्रेसी पार्षद के वोट देने नहीं पहुंचने के मामले में सोमवार सुबह शुरू हुआ सियासी ड्रामा रात एक बजे तक जारी रहा। वार्ड दस की कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी के मतदान करने नहीं पहुंचने की वजह से रात साढ़े ग्यारह बजे तक चार बार मतदान समय बढ़ाया गया। कांग्रेस पार्षद को मतदान में बुलाने की मांग को लेकर भाजपा नेता समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस को पार्षद के अपहरण की शिकायत दी।
इधर, विधायक वीरेन्द्र सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला, पूर्व प्रधान भंवरलाल वर्मा ने जिला कलक्टर को शिकायत देकर बार-बार समय बढ़ाने पर आपत्ति जताई है। वहीं भाजपा नेताओं ने कहा कांग्रेस ने जान बूझकर अपने ही पार्षद को छिपा रखा है। देर रात आरओ कपिल
उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर खाटू में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के मतदान को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों का धरना समाप्त हो गया। धरना समाप्त होने के बाद दोनों दलों के समर्थक नारेबाजी करते हुए वहां से लौट गए। दोनों पक्षों की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी को तीन-तीन मांगों का ज्ञापन भेजा गया है। मामले को देखते हुए अब तक हुए मतदान के रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने की तैयारी की जा रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतदान रिकॉर्ड को खाटू थाने में रखवाया जाएगा और उसे सील किया जाएगा। दोनों पक्षों की मौजूदगी में रिकॉर्ड सील किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि मतदान से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रहे। इधर, भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री और राज्य निर्वाचन अधिकारी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी।