सीकर

Sikar: पत्नी-बच्चों को वापस लाने की मांग को लेकर 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा युवक, गृहक्लेश से परेशान होकर चली गई थी पीहर

सीकर के गांव में पत्नी और बच्चों को वापस लाने की मांग को लेकर एक युवक 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। करीब 2 घंटे की समझाइश के बाद पुलिस और सिविल डिफेंस टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
2 min read
Aug 01, 2026
Sikar latest news
टंकी पर चढ़े युवक की फोटो: पत्रिका

Man Climb Water Tank In Sikar: सीकर जिले के मूंडवाड़ा गांव में रविवार सुबह एक युवक अपनी पत्नी और बच्चों को वापस लाने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस और सिविल डिफेंस टीम की करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक संजय कुमार मीणा को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। टीम ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया और परिवार के सदस्यों से मिलवाकर मामला शांत करवाया। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई और उसका मेडिकल करवाया जा रहा है।

पुलिस की समझाइश पर नीचे उतरा

सदर थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि सीकर जिले के मूंडवाड़ा गांव में एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, सिविल डिफेंस और 108 एंबुलेंस को मौके पर भेजा। सिविल डिफेंस टीम ने सुरक्षा के लिए टंकी के चारों तरफ जाल बिछाया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने युवक संजय कुमार मीणा से लगातार बातचीत की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद युवक पुलिस की समझाइश पर नीचे उतर आया।

पत्नी बच्चों को लेकर चली गई थी पीहर

पुलिस के अनुसार संजय कुमार मीणा शराब का आदी बताया जा रहा है। शराब पीने के बाद आए दिन घर में विवाद होने के कारण उसकी पत्नी परेशान होकर अपने दो बच्चों को लेकर पीहर चली गई थी। बच्चों की उम्र करीब तीन और छह साल बताई जा रही है। पत्नी और बच्चों के वापस नहीं आने से संजय परेशान था और उन्हें वापस बुलाने की मांग को लेकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि युवक आए दिन पत्नी को वापस लाने को लेकर परिवार में विवाद करता था। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कुछ युवा युवक की मदद करने के बजाय उसका वीडियो बनाते नजर आए। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक को समझाइश देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
01 Aug 2026 02:31 pm
Published on:
01 Aug 2026 02:30 pm