
Rajasthan Weather Forecast: बादलों के कारण 2 दिन से शेखावटी अंचल में सर्द हवाओं का असर कम हो गया है। मौसम केन्द्रों पर दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने सीकर, चूरु, झुंझुनूं, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिले में 10 दिसम्बर को शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है।
इधर सीकर में सोमवार हल्का कोहरा छाया। सर्द हवाओं के कारण तेज सर्दी रही। दिन चढ़ने के साथ धूप में तेजी आई। दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम को अन्य दिनों की तुलना में सर्दी का असर कम रहा। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और अधिकतम 27.8 डिग्री और सीकर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 2 दिन यानी 10 और 11 दिसंबर के लिए 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए सीकर, चूरु, झुंझुनूं, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिले में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं 10-11-12-13-14 दिसंबर को मौसम शुष्क रहेगा और आसमान भी साफ रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हाड़ौती अंचल के मौसम में सोमवार को उतार-चढ़ाव जारी रहा। दिन में धूप में तेजी रही। रात को मौसम ने सर्दी का अहसास करवाया। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस तरह से अधिकतम तापमान में 1.1 व न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान हवा की रफ्तार 3 किलोमीटर प्रति घंटा रही। तापमान में वृद्धि ने सर्दी से हल्की राहत दी। लोग दिन में घरों से निकले तो तेज धूप के कारण ऊनी वस्त्र खोलने मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में धूप में तेजी व मौसम साफ रहने की संभावना है। तापमान में भी आंशिक उतार-चढ़ाव हो सकता है।
मौसम में ठंडक और घुलती जा रही है। शनिवार को बारां में फिर अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते लोगों को दिन में भी सर्दी का अहसास हुआ। शाम के बाद तो शहर के बाहरी मार्गों पर दुपहिया वाहन चालकों की तादाद मामूली रह गई। सर्द हवाओं के चलते सोमवार को न्यूनतम तापमान लगातार तीसरे दिन भी 7 डिग्री रहा। वहीं अधिकतम तापमान भी एक डिग्री गिरकर 25 डिग्री पर रहा। देर रात व अल सुबह तापमान में गिरावट रही।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले 3-4 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि दिन का तापमान गिरेगा, इससे सर्दी का असर और बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय अपनाने को कहा है।