
सीकर। सरकार की ओर से लगातार विभिन्न विभागों की तबादला सूचियां जारी होते ही शनिवार को नीमकाथाना दिनभर चर्चाओं में रहा। एक ओर राजस्व विभाग की सूची में भू-अभिलेख निरीक्षक की पदस्थापना में वृत पपूरना, तहसील खेतड़ी के सामने जिला झुंझुनूं के स्थान पर जिला नीमकाथाना अंकित होने से सोशल मीडिया पर चर्चा चलती रही। लोगों ने इसे लेकर चुटकी लेते हुए लिखा कि जनता के दिलों में नीमकाथाना जिला आज भी जिंदा है।
इतना ही नहीं कॉलेज शिक्षा विभाग की तबादला सूची ने भी लोगों को चौंका दिया। राजकीय एसएनकेपी महाविद्यालय के भूगोल विषय के व्याख्याता रामचंद्र यादव, जो जुलाई 2025 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उनका भी प्रशासनिक हित में नीमकाथाना से बीबीरानी तबादला आदेश सूची में दर्ज हो गया।
हालांकि यह मानवीय भूल है, लेकिन सूची का यह बिंदु दिनभर सोशल मीडिया और शिक्षण जगत में चर्चा का विषय बना रहा। राजकीय एसएनकेपी महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय से कुल सात व्याख्याताओं के तबादले किए गए हैं। इनमें अधिकांश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हैं, जबकि दो अन्य पिछड़ा वर्ग के व्याख्याता भी शामिल हैं। यह भी दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
कार्मिक विभाग की देर रात जारी सूची में नीमकाथाना और पाटन तहसीलों को नए तहसीलदार मिले हैं। विश्वनाथ प्रताप सिंह नारूका (वीपी सिंह नारूका) को कोटा जिले की पीपल्दा तहसील से स्थानांतरित कर नीमकाथाना तहसीलदार नियुक्त किया गया है। नीमकाथाना में तहसीलदार का पद पिछले तीन माह से रिक्त था और नायब तहसीलदार देवीलाल चौधरी अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। वहीं राजवीर यादव को लाडपुरा कोटा से पाटन तहसीलदार लगाया गया है। पाटन के तहसीलदार सुभाष चंद्र का तबादला झुंझुनूं जिले की खेतड़ी तहसील कर दिया गया है।
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत की ओर से जारी तबादला सूची में भी नीमकाथाना सर्किल के कई थानों के प्रभार बदल दिए गए। बलारा थाना में तैनात विक्रम सिंह को नीमकाथाना कोतवाली में थानाधिकारी लगाया गया है। वहीं सदर थाना प्रभारी राजेश डूडी का तबादला दातारामगढ़ कर दिया गया है। दातारामगढ़ थाना प्रभारी जयसिंह बसेरा अब नीमकाथाना सदर थाना की कमान संभालेंगे। इसके अलावा डाबला थाना प्रभारी मनोज कुमार को खंडेला स्थानांतरित किया गया है, जबकि सुनीता बॉयल को डाबला थानाधिकारी नियुक्त किया गया है।