सीकर

Rajasthan Crime: ‘सुंदर दुल्हन’ के चक्कर में लुट गया युवक, 7.5 लाख रुपए ले गए ठग, शादी भी नहीं हुई

सीकर जिले के दांतारामगढ़ थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक से सुंदर लड़की से शादी कराने के नाम पर ठगों ने 7.5 लाख रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित ने थाने में केस दर्ज कराया है।
2 min read
Feb 07, 2026
Sikar Crime
सांकेतिक तस्वीर- एआई जेनरेटेड

सीकर। जिले में फर्जी शादी कराने वाले गिरोह की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। दलालों और उनकी महिला साथियों के नेटवर्क द्वारा युवकों को अच्छी और सुंदर लड़की से शादी कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। ताजा मामला दांतारामगढ़ कस्बे का है, जहां एक युवक से शादी के नाम पर 7.50 लाख रुपये ठग लिए गए, लेकिन न तो विवाह कराया गया और न ही रकम वापस लौटाई गई।

पीड़ित ने दांतारामगढ़ थाने में चार युवकों और दो महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, मदन, दामोदर, अमन, राजेश और दो महिलाओं ने उसे अच्छे परिवार की लड़की से विवाह कराने का भरोसा दिलाया था। भरोसे में लेकर पहले चरणों में बातचीत, मुलाकात और रिश्ता तय होने का नाटक किया गया, फिर अलग-अलग बहानों से लगातार पैसे लिए गए।

झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी

जब पीड़ित ने शादी की तारीख तय करने का दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में रकम लौटाने की मांग करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

पुलिस ने गठित की टीम

दांतारामगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित तरीके से काम करता प्रतीत हो रहा है और अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

इस तरह से हो रही लूट

सीकर जिले में ‘लुटेरी दुल्हन’ और फर्जी शादी गिरोह के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गिरोह पहले दलालों के जरिए संपर्क करता है, कम खर्च में शादी कराने का लालच देता है और शादी से पहले या बाद में दुल्हन, नकदी और जेवरात लेकर फरार हो जाता है। कई मामलों में विवाह के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन घर छोड़कर गायब हो जाती है।

सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने पुलिस से ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और शादी से जुड़े सौदों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई और परिवार ठगी का शिकार न हो सके।

Updated on:
07 Feb 2026 10:11 pm
Published on:
07 Feb 2026 09:38 pm