6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शेखावाटी समाचार: खेत में खुदाई के दौरान बमनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप, बम ​निरोधक दस्ते को बुलाया

Sikar News: सीकर शहर के रीको इंडस्ट्रीयल एरिया के पीछे स्थित वार्ड 45 में किसानों को खेतों की मेड़ काटकर रास्ता बनाने के दौरान जमीन के नीचे बमनुमा वस्तु मिलने पर हड़कंप मच गया। किसान गिरधारी खीचड़ ने इसकी तुंरत पुलिस को सूचना दी।

2 min read
Google source verification
सीकर में खेत में मिली बमनुमा वस्तु मिलने से सनसनी, पत्रिका फोटो

सीकर में खेत में मिली बमनुमा वस्तु मिलने से सनसनी, पत्रिका फोटो

Sikar News: सीकर शहर के रीको इंडस्ट्रीयल एरिया के पीछे स्थित वार्ड 45 में किसानों को खेतों की मेड़ काटकर रास्ता बनाने के दौरान जमीन के नीचे बमनुमा वस्तु मिलने पर हड़कंप मच गया। किसान गिरधारी खीचड़ ने इसकी तुंरत पुलिस को सूचना दी।

किसान व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और बमनुमा वस्तु को तुरंत कवर करवाकर सुरक्षित किया। मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात है। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। जयपुर से टीम आने पर आज संदिग्ध वस्तु हैंड ग्रेनेड है या नहीं इसकी पुख्ता तस्दीक की जाएगी।

हैंडग्रेनेड है या कुछ और, आज होगी पुष्टि

शहर के वार्ड 45 के अंदर शेखावाटी कॉलेज के पीछे की ओर से किसान आपसी सहमति से खेतों से 15- 15 फीट जगह छोड़कर रास्ता बनाने का कार्य कर रहे थे। इस दौरान गुरुवार शाम को 4.40 बजे के करीब ट्रैक्टर से मिट्टी हटाते समय एक लोहेनुमा वस्तु ट्रैक्टर के पलाव के पीछे घिसटती गई। किसान ने इसे देखा व मिट्टी हटाई तो यह हैंड ग्रेनेडनुमा वस्तु लगी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सीओ सिटी संदीपसिंह व उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि हालांकि अभी तक पुलिस यह तय नहीं कर पाई है कि यह हैंड ग्रेनेड ही है या फिर कोई लोहे की वस्तु या अन्य चीज। हैंड ग्रेनेडनुमा यह वस्तु कितनी पुरानी है और मिट्टी के नीचे कहां से मिली, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

आसपास की काॅलोनी व ग्रामीणों में इस संदिग्ध हैंड ग्रेनेड को देखने के लिए लोग दोपहर से ही मौके पर एकत्रित होने लगे। जयपुर से शुक्रवार को बम निरोधक दस्ता आने के उपरांत हैंड ग्रेनेड की तस्दीक की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया है और इसके आसपास किसी को नहीं जाने दिया जा रहा है। मौका स्थल पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

बम डिफ्यूज करने की होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार बम डिस्पोजल स्क्वायड आने के बाद ही संदिग्ध वस्तु की जांच पड़ताल होगी और उसके बाद ही इसे डिफ्यूजल करने की कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा कारणों से लोगों को संबंधित जगह से दूर रखा जा रहा है। हालांकि लोगों में इस संदिग्ध वस्तु को देखने के लिए उत्सुकता है जिस कारण से दूर दराज से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। पुलिस अब यह भी जांच करेगी कि इस वस्तु को किसने और कब छिपाया।