
गणेश्वर/नीमकाथाना। सरकारी नौकरी पाने के लिए युवा दिन-रात मेहनत करते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो समाजसेवा और परोपकार के लिए सुख-सुविधाओं का त्याग कर मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसा ही उदाहरण चुड़ला गांव के शिक्षक सांवरमल स्वामी ने पेश किया है। उन्होंने सरकारी शिक्षक की नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेकर खुद को पूरी तरह गोसेवा के लिए समर्पित कर दिया।
इतना ही नहीं शिक्षा विभाग से मिली 66 लाख रुपए की जमा पूंजी भी गोशाला के विस्तार और सुविधाओं पर खर्च कर दी। अब प्रतिमाह मिलने वाली करीब 60 हजार रुपए की पेंशन भी गोसेवा में लगा रहे हैं। 57 वर्षीय सांवरमल स्वामी ने 1 नवंबर 2024 को वीआरएस लिया था। वे पिछले चार साल से गोसेवा से जुड़े हैं और बीते दो साल से दिन-रात गोशाला में ही रहकर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता सीताराम स्वामी और माता माली देवी किसान थे। घर पर दो गायें रखी जाती थी और माता-पिता उनकी सेवा करते थे। उन्हीं से मिली प्रेरणा और संस्कारों ने उन्हें गोसेवा के लिए प्रेरित किया।
गांव चुड़ला में 10 नवंबर 2013 को जगदीश पटवारी ने गोशाला की शुरुआत की थी। उस समय यहां केवल 13 गायें थी। सांवरमल स्वामी आते-जाते गोशाला को देखते थे और मन में गोसेवा की इच्छा रखते थे। धीरे-धीरे वे इससे जुड़ गए और अब गोशाला की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वर्तमान में यहां करीब 400 गोवंश की देखभाल की जा रही है।
श्री ध्वजाबंद गोशाला चुड़ला सेवा समिति की ओर से गोशाला में गोवंश के लिए जरूरी सुविधाएं जुटाई गई हैं। यहां दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक पिकअप वाहन है। जरूरत के उपकरण और पात्र तैयार करने के लिए छोटा कारखाना भी बनाया गया है। गोशाला में 12 मजदूर सेवा कार्य में जुटे हैं, जिन पर प्रतिमाह करीब छह लाख रुपए खर्च होते हैं। गायों को प्रतिदिन हरा चारा खिलाया जाता है। रात में भजन सुनाए जाते हैं और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। करीब चार हेक्टेयर जमीन में फैली गोशाला में व्यवस्थाओं का संचालन ग्रामीणों और आसपास के गांवों के गोभक्तों के सहयोग से किया जा रहा है।
गोशाला को गांव और आसपास के क्षेत्रों से लगातार सहयोग मिलता है। ग्रामीण जन्मए मृत्यु और शादी समारोह के अवसर पर गोशाला में चारा और नकद राशि भेंट करते हैं। वार्षिक सदस्य भी सहयोग करते हैं। सरकारी अनुदान भी पिछले दो साल से मिलने लगा है। आसपास के विद्यालयों के शिक्षक भी गोशाला में अंशदान पहुंचाते हैं। सांवरमल स्वामी ने बताया कि उनके माता.पिता और बुजुर्ग आज भी प्रतिदिन गोशाला पहुंचकर सेवा करते हैं। उनका एक बेटा और एक बेटी है। बेटा सीकर में प्रिंटिंग प्रेस का व्यवसाय करता है। स्वामी का कहना है कि गोसेवा से उनका परिवार खुद को धन्य मानता है।