सीकर

Sikar : एक और प्रसूता की मौत, परिजन और नेता धरने पर बैठे, पति बोला- मांगें नहीं मानी तो नहीं होगा पोस्टमार्टम

Sikar : सीकर में अजीतगढ़ के बाबा नारायण दास राजकीय सामान्य चिकित्सालय में एक महिला की डिलीवरी होने के बाद ज्यादा खून बहने की वजह से जयपुर रेफर किया गया। रास्ते में ही प्रसूता ने दम तोड़ दिया।
2 min read
Aug 18, 2026
Sikar Baba Narayan Das Government Hospital Ajitgarh pregnant woman Death
Sikar : अजीतगढ़ के बाबा नारायण दास राजकीय सामान्य चिकित्सालय के बाहर धरने पर बैठे लोग। फोटो पत्रिका

Sikar : सीकर में अजीतगढ़ के बाबा नारायण दास राजकीय सामान्य चिकित्सालय में एक महिला की डिलीवरी हुई। डिलीवरी के दौरान महिला का ज्यादा खून बहने लगा। डाक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रसूता को जयपुर रेफर कर दिया। पर प्रसूता की हालत ज्यादा खराब हो गई। जिस वजह से जयपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही प्रसूता ने दम तोड़ दिया। इस जानकारी पर परिजन सकते में आ गए। गुस्साए परिजन प्रसूता के शव को वापस अजीतगढ़ के बाबा नारायण दास सामान्य चिकित्सालय लेकर आए। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विजय सैनी पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और धरने पर बैठ गए।

ताजा सूचना के अनुसार शव को एम्बुलेंस से अभी नहीं उतार गया है। मृतका प्रसूता दौलत मीना (24 वर्ष) सांवलपुरा शेखावतान के दमपुरा गांव का निवासी थी। अस्पताल में धरने पर बैठे परिजनों और अन्य लोगों को कहना है कि जब तक संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी और उच्च अधिकारी नहीं पहुंचेंगे तब तक धरना जारी रहेगा।

मांग नहीं मानी तो तो चौमूं तिराहे पर लगाएंगे जाम

मृतका के पति महेंद्र मीना ने संबंधित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विजय सैनी को निलंबित करने की मांग की। कहा कि जब तक यह मांग नहीं मानी जाएगी तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा और धरना जारी रहेगा। इसके बाद भी अगर मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो चौमूं तिराहे पर जाम लगाया जाएगा।

अजीतगढ़ अस्पताल के पीएमओ धरने पर पहुंचे

धरने पर राष्ट्रीय वीर जाट सेना के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल बादशाह, समाजसेवी डॉक्टर मंगल यादव, आदिवासी कांग्रेस के नीमकाथाना जिला अध्यक्ष रामनिवास मीणा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम चौधरी समेत परिजन एवं लोग बैठे हुए हैं। अजीतगढ़ अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर मनीष मीना ने धरना स्थल पर आकर लोगों की मांग सुनी। राजस्थान में बीते 2 माह से लगातार कई प्रसूताओं की मौत हो चुकी है।

Updated on:
18 Aug 2026 05:33 pm
Published on:
18 Aug 2026 05:25 pm