
सीकर। पैसा कमाने व लग्जरी लाइफ जीने के लिए युवा बदमाशों व गैंगस्टर्स के साथ जुड़ने लगे है। इसका उदाहरण है हाल ही में शहर के बजाज रोड पर एक फ्लैट व खूड़ी में हथियारों सहित पकड़े गए युवक। पुलिस से पूछताछ में इनमें से एक आरोपी ने नया खुलासा किया है। यूएसडीटी के धंधे में उसके साथी ही उसके एक करोड़ रुपए लेकर फरार हो गए थे। ऐसे में यह रुपया निकलवाने के लिए ही आरोपी गुलाबसिंह गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाउ व हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र चारण से जुड़ा था।
मनोज थालौड़ ने गुलाबसिंह को रोहित गोदारा गैंग ज्वाइन करवाई थी। गोदारा गैंग के गर्गों ने आरोपी गुलाब को जल्द ही बड़ा टारगेट पूरा करने के बदले उसके रुपए निकलवाने का झांसा दिया था। अब पुलिस उसके नेटवर्क को खंगाल रही है। इधर पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय ने जेल भिजवा दिया है।
पुलिस पूछताछ में सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ इलाके के रोरुं बड़ी गांव निवासी आरोपी गुलाब सिंह ने बताया कि यूएसडीटी में उसने व उसके पार्टनरों ने करोड़ों रुपए कमाए थे। लेकिन साथी पार्टनर उसके साथ धोखा कर गए और उसके हिस्से के एक करोड़ रुपए भी वे ही लेकर फरार हो गए। ऐसे में गुलाबसिंह पर भारी कर्जा हो गया था। वह कैसे भी अपने रुपए निकलवाने की प्लानिंग कर रहा था। ऐसे में एक दिन उसे मनोज थालोड़ मिला तो उसने अपनी आपबीती बताई।
राहुल रिणाउ गैंग से जुड़े मनोज थालोड़ ने कहा कि रोहित गोदारा गैंग से जुड़ जाओ वे तुम्हारे रुपए हर हाल में दिलवा देंगे। गुलाब चाहता था कि रोहित गोदारा गैंग के राहुल रिनाउ और वीरेंद्र चारण उसके पार्टनर को धमकी देकर वापस रुपए निकलवा देंगे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोदारा गैंग से जुड़ने पर हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाउ और हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र चारण उनके चंगुल में फंसे गुलाब सिंह को कहने लगे कि पहले तुम हमारा काम करो। इसके बाद हम तुम्हारा काम करेंगे। इसके चलते वह काम करने लगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, जयपुर के इनपुट पर कोतवाली थाना पुलिस व डीएसटी टीमों ने बजाज रोड स्थित धोबियों के मोहल्ले में स्थित एक फ्लैट पर दबिश थी। फ्लैट से आरोपी गुलाब सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से एक जिगाना पिस्टल सहित कुल दो पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए थे। पूछताछ में गुलाब सिंह ने बताया कि उसने खुड़ी बड़ी के रहने वाले प्रदीप से यह हथियार लिए थे। इसके बाद लक्ष्मणगढ़ पुलिस ने प्रदीप को गिरफ्तार किया था। उसके पास से भी दो पिस्टल और कई कारतूस मिले थे। पुलिस की तहकीकात में सामने आया कि ये बदमाश सीकर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।